businessTextileसूरत सिटी

सूरत के रिंग रोड की मोबाइल दुकानों पर सीजीएसटी के छापे

डुप्लीकेट बिलिंग के जरिए बड़े पैमाने पर जीएसटी चोरी की आशंका, दुकानदारों में मचा हड़कंप

सूरत। शहर में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) विभाग ने मोबाइल कारोबार से जुड़ी दुकानों पर बड़ी कार्रवाई शुरू की है। सीजीएसटी विभाग की अलग-अलग टीमों ने सूरत के रिंग रोड स्थित अंजता और रूपम थिएटर के आसपास के क्षेत्र में मोबाइल दुकानदारों के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। मोबाइल फोन पर लगने वाले 18 प्रतिशत जीएसटी में कथित तौर पर अनियमितता और कर चोरी की आशंका के चलते की गई इस कार्रवाई से मोबाइल कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कुछ मोबाइल विक्रेताओं द्वारा कर चोरी के लिए कथित तौर पर बिलिंग में गड़बड़ी की जाती थी। सूत्रों के अनुसार, जब कोई ग्राहक नकद भुगतान कर मोबाइल फोन खरीदता था, तो उसे पक्का बिल नहीं देने अथवा बिलिंग में मोबाइल के वास्तविक आईएमईआई नंबर का कथित रूप से गलत इस्तेमाल किए जाने की आशंका है।
बताया जा रहा है कि कुछ मामलों में ग्राहक के वास्तविक बिल पर दर्ज आईएमईआई नंबर को छिपाकर उसी आईएमईआई नंबर का इस्तेमाल किसी अन्य ग्राहक को मोबाइल बेचने के दौरान बिलिंग में किए जाने की आशंका है। इस तरह एक ही बिल पर दो मोबाइल फोन की बिक्री दर्शाकर 18 प्रतिशत जीएसटी की कथित चोरी किए जाने की आशंका विभाग की जांच का प्रमुख आधार मानी जा रही है। हालांकि, इन सभी आरोपों की वास्तविकता विभाग की विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
सीजीएसटी विभाग को मिली जानकारी के आधार पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। कार्रवाई के लिए विभाग की ओर से विशेष टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने रिंग रोड क्षेत्र में स्थित मोबाइल दुकानों एवं संबंधित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान विभागीय अधिकारियों ने दुकानों से मिले विभिन्न दस्तावेजों, बिलों, लैपटॉप, कंप्यूटर और अन्य डिजिटल डाटा की बारीकी से जांच शुरू की है। अधिकारियों द्वारा बिक्री, खरीद, बिलिंग तथा मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबर से संबंधित रिकॉर्ड का मिलान किया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं एक ही मोबाइल फोन अथवा आईएमईआई नंबर का इस्तेमाल अलग-अलग बिक्री और बिलों में तो नहीं किया गया।
फिलहाल सीजीएसटी विभाग की ओर से मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही कथित कर चोरी की वास्तविक राशि और इसमें कितने व्यापारी अथवा प्रतिष्ठान शामिल हैं, इसकी जानकारी सामने आएगी। सीजीएसटी की इस कार्रवाई के बाद सूरत के रिंग रोड स्थित मोबाइल बाजार में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा और व्यापारियों में भी कार्रवाई को लेकर काफी हलचल देखी गई

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button