
सूरत। पिछले महीने शहर में हुई भारी बारिश और जलभराव के कारण कपड़ा बाजारों को तीन बार गंभीर स्थिति का सामना करना पड़ा, जिससे कई मार्केटों में करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ। वहीं पिछले दो दिनों से मौसम विभाग द्वारा रेड अलर्ट जारी किए जाने के बीच फेडरेशन ऑफ सूरत ट्रेड एंड टेक्सटाइल एसोसिएशंस (फोस्टा) ने व्यापारियों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए रविवार, 2 अगस्त 2026 को रिंग रोड क्षेत्र के सभी कपड़ा बाजार पूर्ण रूप से खुले रखने की अपील की है।
फोस्टा के अध्यक्ष हंसराज तातेड़ एवं महामंत्री दिनेश कटारिया ने जारी सूचना में सभी कपड़ा मार्केटों के अध्यक्ष, सचिव, मैनेजर एवं व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पूर्व में कई बार जलभराव के कारण व्यापार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ऐसे में पिछले कुछ दिनों से मंद पड़े कारोबार को गति देने और व्यापारियों को राहत देने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
संस्था ने सारोली, पूणा-कुंभारिया, कंगारू सर्कल, गोडादरा सहित अन्य क्षेत्रों की मार्केट समितियों से अनुरोध किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में जलभराव की वास्तविक स्थिति का आकलन कर सहयोगात्मक निर्णय लें, ताकि व्यापारिक गतिविधियां यथासंभव सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
फोस्टा ने कहा कि आगामी सीजन को देखते हुए देशभर से बड़ी संख्या में व्यापारी खरीदारी के लिए सूरत पहुंच रहे हैं। ऐसे में बाजार खुले रहने से बाहर से आए व्यापारी अपनी खरीद पूरी कर सकेंगे तथा स्थानीय व्यापारी भी नए सीजन के ऑर्डर प्राप्त कर सकेंगे। संस्था ने सभी मार्केट समितियों से व्यापारियों का सहयोग करने और व्यापार को सामान्य गति देने की अपील की है।



