भजन संध्या के साथ महा रक्तदान शिविर का होगा आयोजन
6 सितंबर को मनाया जाएगा श्री रामदेव बाबा प्रेम मंडल का 12वां वार्षिकोत्सव

सूरत। श्री रामदेव बाबा प्रेम मंडल, सूरत द्वारा आगामी 6 सितंबर 2026 (रविवार) को पर्वत पटिया स्थित माहेश्वरी लक्सरिया (डीआर वर्ल्ड के पास) में 12वें वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य भजन संध्या एवं महा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 2:30 बजे से प्रभु इच्छा तक चलेगा।
मंडल की ओर से बताया गया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज सेवा को बढ़ावा देना है। रक्तदान शिविर के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। मंडल का संदेश है कि “एक यूनिट रक्त किसी के जीवन की नई उम्मीद बन सकता है। रक्तदान केवल दान नहीं, बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा है।”
कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध कलाकार रामदेव बाबा भक्त मंडल (मगरा क्षेत्र) एवं हर्षिता रामावत (नोखा) द्वारा भक्ति रस से सराबोर भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके साथ ही 56 भोग, दिव्य दरबार, अखंड ज्योत, स्वामणी एवं महाप्रसाद का भी आयोजन होगा।
मंडल ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने तथा धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाने की अपील की है। मंडल ने यह भी बताया कि संस्था समय-समय पर जरूरतमंद परिवारों को मेडिकल सहायता भी उपलब्ध कराती है।



