businessTextileअहमदबादगुजरातसूरत सिटी

कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसले, अहमदाबाद के व्यापारियों को भी मिलेगी सूरत मॉडल जैसी सहायता

अहमदाबाद। गुजरात सरकार की कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में राज्यहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में हालिया भारी बारिश और बाढ़ से हुई क्षति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा प्रभावित लोगों को जल्द राहत पहुंचाने के लिए नुकसान का सर्वेक्षण शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।

सरकार ने अहमदाबाद में भारी बारिश से प्रभावित व्यापारियों को भी सूरत मॉडल की तर्ज पर आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया है। इससे वर्षा प्रभावित व्यापारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

बैठक में बताया गया कि बारिश से प्रभावित राज्य के 1,997 गांवों में बिजली आपूर्ति सफलतापूर्वक बहाल कर दी गई है। इस दौरान बिजली कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को सभी विद्युत कर्मियों को तत्काल आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बारिश के दौरान बार-बार सड़कों के क्षतिग्रस्त होने की समस्या के स्थायी समाधान के लिए राज्य की सभी नगर निगमों और नगरपालिकाओं में चरणबद्ध तरीके से सीमेंट-कंक्रीट (सीसी) सड़कें बनाने का निर्णय लिया गया है। पहले चरण में गांवों के मुख्य मार्गों और औद्योगिक क्षेत्रों में सीसी सड़क निर्माण कराया जाएगा।

इसके अलावा राज्य में स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से सरकार ने प्रत्येक माह के पहले रविवार सुबह 8 से 9 बजे तक एक घंटे के श्रमदान का आह्वान किया है। सरकार ने सभी नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं और सरकारी कर्मचारियों से इस स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी कर अपने-अपने क्षेत्रों में श्रमदान करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button