सूरत रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय फिसले एनसीसी इंस्ट्रक्टर आर्मीमैन की मौत
सूरत। सूरत रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय पैर फिसलने से एनसीसी में कार्यरत 44 वर्षीय आर्मीमैन की दर्दनाक मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें तत्काल स्मीमेर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से राजस्थान निवासी नरेशसिंह तनवर (44) उधना दरवाजा स्थित गवर्नमेंट क्वार्टर्स में परिवार के साथ रहते थे और एक सरकारी कॉलेज में एनसीसी के विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने के साथ अपनी सेवाएं दे रहे थे। 23 जुलाई की देर रात वह अपने वतन से ट्रेन द्वारा सूरत लौटे थे। सूरत रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर ट्रेन से उतरते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वह ट्रेन की चपेट में आ गए।
हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से 108 एम्बुलेंस के जरिए उन्हें तत्काल स्मीमेर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। देश सेवा में समर्पित आर्मीमैन के आकस्मिक निधन से परिवार में शोक की लहर है। अपने पीछे वे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
[



