अग्रवाल हेल्थ सेंटर के रियायती हेल्थ चेकअप व हृदय चिकित्सा शिविर में उमड़ी भीड़
192 लाभार्थियों का पंजीकरण, ईसीजी, 2-डी इको व टीएमटी जांच का मिला लाभ

सूरत। अग्रवाल हेल्थ सेंटर में आयोजित रियायती हेल्थ चेकअप एवं हृदय चिकित्सा शिविर को लोगों का भरपूर प्रतिसाद मिला। शिविर में अपेक्षा से अधिक संख्या में लाभार्थी पहुंचे और विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श एवं विभिन्न जांचों का लाभ उठाया।
हेल्थ सेंटर के प्रभारी विनोद चिड़ावावाला ने बताया कि शिविर में 69 लाभार्थियों की स्वास्थ्य जांच की गई, जबकि 7 वरिष्ठ नागरिकों के घर जाकर अगले दिन सैंपल लेने के लिए पंजीकरण किया गया। वहीं हृदय चिकित्सा शिविर में 192 लाभार्थियों का पंजीकरण हुआ। इनमें से 71 लोगों की ईसीजी, 2-डी इको तथा आवश्यकता अनुसार टीएमटी जांच कर विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श दिया गया। शेष पंजीकृत लाभार्थियों की जांच प्रतिदिन दोपहर 3 बजे निर्धारित अपॉइंटमेंट के अनुसार निःशुल्क की जाएगी।
सीकर नागरिक परिषद के सहयोग से आयोजित इस शिविर का शुभारंभ महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर परिषद के अध्यक्ष श्रीराम बिदावतका, सचिव गोकुल बजाज, कोषाध्यक्ष रमेश चौकड़ीका, अग्रवाल समाज ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रकाश तोदी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील गोयल, राजकुमार अग्रवाल, संजय जगनानी, हेल्थ सेंटर के चेयरमैन श्रवण अग्रवाल तथा श्याम फागलवाला सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सीकर नागरिक परिषद के अध्यक्ष श्रीराम बिदावतका ने अग्रवाल समाज ट्रस्ट द्वारा संचालित स्वास्थ्य एवं जनसेवा गतिविधियों की सराहना करते हुए इन्हें समाज के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायी बताया।
समाज के मीडिया प्रभारी सुनील चिरानिया (पिंटू) ने बताया कि शिविर के सफल संचालन में अरविंद गाड़िया, विमल झाझड़िया, प्रकाश बेरीवाल, अजय बिदावतका, सुशील मोदी, विश्वनाथ पचेरिया, संजय दीवान, श्याम सिहोटिया, विष्णु मालपानी, प्रभात जालान एवं शंकर मोर का विशेष सहयोग रहा।
अग्रवाल समाज ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रकाश तोदी ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा शीघ्र ही अल्थान क्षेत्र में एक बड़े स्तर का प्राथमिक चिकित्सालय प्रारंभ किया जाएगा। इसके अलावा आगामी अग्रसेन जयंती के अवसर पर उसी परिसर में एक विशाल स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की भी योजना बनाई गई है।




