सूरत, 25 जुलाई। लगातार हुई भारी वर्षा के कारण पिछले कुछ दिनों से जनजीवन के साथ-साथ कपड़ा व्यापार भी प्रभावित रहा। व्यापारिक गतिविधियों को पुनः गति देने और व्यापारियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से फेडरेशन ऑफ सूरत ट्रेड एंड टेक्सटाइल एसोसिएशन्स (फोस्टा) ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
फोस्टा के सचिव दिनेश कटारिया ने बताया कि शनिवार शाम 4 बजे जारी पत्र के अनुसार 26 जुलाई 2026 (रविवार) को रिंग रोड विस्तार के सभी कपड़ा मार्केट पूर्ण रूप से खुले रहेंगे। इस निर्णय का उद्देश्य बारिश के कारण हुए व्यापारिक नुकसान की भरपाई करना और बाजारों में कारोबार को सामान्य गति देना है।
फोस्टा ने सारोली, पूना-कुंभारिया, कंगारू सर्कल, गोडादरा सहित अन्य क्षेत्रों की सभी मार्केट कमेटियों से अनुरोध किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जलभराव एवं स्थानीय परिस्थितियों का आकलन कर मार्केट खोलने संबंधी निर्णय स्वयं लें।
फोस्टा ने सभी मार्केट कमेटियों से व्यापारियों का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा है कि सामूहिक प्रयासों से पिछले कुछ दिनों से प्रभावित व्यापार को फिर से गति मिल सकेगी और व्यापारियों को राहत प्राप्त होगी। संस्था ने उम्मीद जताई कि रविवार को बाजार खुलने से कपड़ा कारोबार में तेजी आएगी और व्यापार सामान्य स्थिति की ओर लौटेगा।



