
सूरत। रिंग रोड स्थित इंटरनेशनल कॉमर्स सेंटर में कारोबार करने वाली एन.डी. रूवाला कंपनी समेत तीन व्यापारियों के साथ 1.63 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि आंजणा की हनुमंत एंटरप्राइज के भागीदारों ने यार्न का माल खरीदने के बाद बकाया राशि का भुगतान नहीं किया और दुकान बंद कर फरार हो गए।
अठवा पुलिस सूत्रों के अनुसार पीपलोड इच्छानाथ रोड स्थित गणेशकृपा सोसायटी के सामने रूवाला बंग्लोज निवासी मितुल महेशचंद्र रूवाला रिंग रोड स्थित इंटरनेशनल कॉमर्स सेंटर के बी-204 में एन.डी. रूवाला एलएलपी नाम से यार्न का व्यापार करते हैं। आंजणा उषानगर स्थित प्लॉट नंबर 150 और 162 में हनुमंत एंटरप्राइज फर्म चलाने वाले व्यापारी रतनसिंह तथा उनके भागीदार ललित उर्फ कैलाश रमणलाल अग्रवाल ने 4 फरवरी 2025 से 19 मई 2025 के बीच यार्न का माल खरीदा था।
माल की खरीद के बाद 79,69,789 रुपये बकाया रहने पर आरोपियों ने भुगतान नहीं किया और लगातार झूठे आश्वासन देकर समय निकालते रहे। बाद में दोनों ने अपनी दुकान बंद कर उठमणूं कर दिया। जांच में सामने आया कि दोनों भागीदारों ने अन्य व्यापारी मित्र परेशभाई चौकसी की चौकसी यार्न फर्म से 33,13,759 रुपये तथा मनोज कांतिलाल पटेल की श्री उमिया प्रा. लि. और श्री उमिया पॉली यार्न एलएलपी से 50,28,519 रुपये का यार्न भी खरीदा था।
तीनों व्यापारियों को मिलाकर कुल 1,63,12,067 रुपये का भुगतान नहीं कर आरोपियों द्वारा ठगी किए जाने का आरोप है। इस संबंध में की गई जांच और आवेदन के आधार पर व्यापारी मितुल रूवाला ने गत रोज अठवा पुलिस थाने में हनुमंत एंटरप्राइज के दोनों भागीदारों के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(5) और 54 के तहत शिकायत दर्ज कराई है। मामले की जांच आर्थिक अपराध निवारण शाखा के पुलिस निरीक्षक एस.वी. चौधरी कर रहे हैं।




