
सूरत। सलाबतपुरा थाना क्षेत्र में इलेक्ट्रिक सामान के व्यापार में विश्वासघात और धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में जयेशभाई मांगीलाल राका के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार रांदेर निवासी भावेशभाई भोगीलाल शाह ने शिकायत दर्ज कराई है कि आरोपी जयेशभाई मांगीलाल राका, जो न्यू आदिनाथ लाइट नाम से इलेक्ट्रिक सामान का व्यापार करता है, ने 5 मार्च 2026 से 14 मई 2026 के बीच अलग-अलग बिलों के माध्यम से कुल 1.03 करोड़ रुपए से अधिक का इलेक्ट्रिक सामान खरीदा था। शुरुआत में विश्वास कायम रखने के लिए आरोपी ने टुकड़ों में करीब 22.96 लाख रुपए का भुगतान किया, लेकिन बाद में 80.54 लाख रुपए का भुगतान बाकी रख लिया।
आरोपी ने शिकायतकर्ता के मित्र जितेंद्रभाई उर्फ जीतूभाई राजमल कर्णावत से भी 1 मई 2026 से 30 मई 2026 के बीच करीब 78.86 लाख रुपए का इलेक्ट्रिक सामान खरीदा, जिसमें से 36.36 लाख रुपए का भुगतान नहीं किया।
इस प्रकार कुल 1 करोड़ 16 लाख 90 हजार 477 रुपए की राशि बकाया रखकर विश्वासघात करने, गाली-गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देने की शिकायत करने पर सलाबतपुरा पुलिस ने जयेश मांगीलाल राका के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।। आरोप है कि खरीदा गया सामान बेचकर आरोपी ने आर्थिक लाभ उठाया और फरियादी को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया।
सलाबतपुरा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच पीएसआई एम.एच. झाला को सौंपी है।



