businessTextileराजनीतिसूरत सिटी

चौर्यासी टोल नाके पर बड़ा फैसला 5 किमी तक कमर्शियल वाहनों को 50% छूट, 10 मिनट में लौटने पर टोल माफ

निजी वाहनों के लिए 500 रुपये का वार्षिक पास

सूरत।सूरत के चौर्यासी बैरियरलेस टोल नाके को लेकर लंबे समय से उठ रही स्थानीय लोगों और वाहन चालकों की शिकायतों के बीच अब बड़ी राहत देने वाला फैसला लिया गया है। नए निर्णय के तहत टोल नाके से 5 किलोमीटर क्षेत्र में आने वाले व्यावसायिक वाहनों को टोल टैक्स में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।

इसके अलावा टोल नाके से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले निजी वाहन मालिकों को मात्र ₹500 में वार्षिक पास की सुविधा मिलेगी। वहीं टोल पार करने के बाद 10 मिनट के भीतर यू-टर्न लेकर लौटने वाले वाहनों से कोई टोल नहीं लिया जाएगा।

इस फैसले से रोजाना आने-जाने वाले स्थानीय व्यापारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को बड़ी आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से बढ़ते टोल शुल्क को लेकर लोगों में नाराजगी थी।

गुजरात सरकार के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानसेरिया ने बताया कि स्थानीय लोगों की समस्याओं को केंद्र सरकार के समक्ष रखा गया था, जिसके बाद यह जनहित का निर्णय लिया गया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल तथा सांसद प्रभु वसावा का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि इस फैसले से ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा और स्थानीय लोगों की आवाजाही पहले से अधिक आसान और सस्ती बनेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button