businessTextileक्राइमसूरत सिटी

वेसू में कपड़ा व्यापारी के बंगले से 31.47 लाख की नकदी और जेवरात चोरी

 बंगला बंद होने का फायदा उठाकर बदमाश ने वारदात को दिया अंजाम, 15 लाख नकद और 16.47 लाख के सोने-हीरे के आभूषण ले उड़ा

सूरत सूरत के वेसू क्षेत्र में कपड़ा व्यापारी के बंगले में बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाश ने बंद बंगले में घुसकर करीब 31.47 लाख रुपये की नकदी और कीमती आभूषण चोरी कर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, वेसू चार रास्ता के पास एस.डी. जैन स्कूल के पीछे स्थित आनंद जैन कैलाश जैन बंग्लोज में रहने वाले अभिषेक आनंदकुमार जैन कपड़ा व्यापार और खेती के व्यवसाय से जुड़े हैं। 16 अप्रैल की रात 9:30 बजे से 17 अप्रैल की रात 1:45 बजे के बीच अज्ञात शख्स बंगले में दाखिल हुआ। बताया जा रहा है कि बदमाश दूसरे मंजिल पर स्थित बेडरूम में पहुंचा, जहां कमरे का दरवाजा खुला मिला। कमरे में रखी चाबियों से उसने अलमारी खोली और उसमें रखे 15 लाख रुपये नकद तथा करीब 16.47 लाख रुपये कीमत के सोने, हीरे और मोतियों के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी हुए सामान में सोने और हीरे की दो चूड़ियां, एक बड़ा ब्रेसलेट, सोना-मोती और हीरे का छोटा ब्रेसलेट, हीरे जड़ी बालियां और अंगूठियां शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही उमरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button