
सूरत। आगामी सूरत महानगरपालिका (एसएमसी) चुनाव को लेकर शहर में राजनीतिक माहौल तेज होता जा रहा है, वहीं चुनावी तैयारियों के बीच स्थानीय महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा हुए हैं। भरी माता रोड स्थित सर्जन पैलेस क्षेत्र में बड़ी संख्या में महिलाएं घर बैठे भारतीय जनता पार्टी के प्रचार में उपयोग होने वाले केसरीया खेस तैयार करने के कार्य में जुटी हुई हैं।
चुनावी प्रचार सामग्री की बढ़ती मांग के चलते महिलाओं को कटींग, सिलाई और फिनिशिंग का काम दिया गया है, जिससे वे घरेलू जिम्मेदारियों के साथ अतिरिक्त आय अर्जित कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। महिलाओं का कहना है कि चुनावी सीजन उनके लिए रोजगार का अवसर बनकर आया है, जिससे घर बैठे सम्मानजनक आमदनी प्राप्त हो रही है।
स्थानीय स्तर पर तैयार किए जा रहे भाजपा के खेस चुनाव प्रचार में उपयोग किए जाएंगे। इस कार्य से जुड़ी महिलाओं द्वारा कपड़े की कटिंग, सिलाई और अंतिम फिनिशिंग का काम किया जा रहा है। इससे न केवल उत्पादन तेजी से हो रहा है बल्कि स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिल रहा है।
चुनाव के माहौल में जहां राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं, वहीं महिलाओं की भागीदारी भी नए रूप में सामने आ रही है। लोकतंत्र के इस पर्व में महिलाएं प्रत्यक्ष रूप से प्रचार में भाग न लेते हुए भी अपनी मेहनत और कौशल से योगदान दे रही हैं। घर-घर में चल रहा यह कार्य चुनावी उत्साह के साथ रोजगार का संगम बन गया है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि चुनाव केवल राजनीतिक प्रक्रिया नहीं बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी गति देता है। सूरत की महिला शक्ति सिलाई-कढ़ाई और फिनिशिंग कार्य के माध्यम से यह साबित कर रही है कि अवसर मिलने पर महिलाएं आत्मनिर्भरता की मिसाल कायम कर सकती हैं। चुनावी माहौल ने शहर में रोजगार और उत्साह दोनों को नई ऊर्जा प्रदान की है।




