
सूरत। वेसू क्षेत्र के जेम्स स्टोन व्यापारी को शेयर मार्केट में निवेश पर 300 प्रतिशत तक मुनाफा दिलाने का लालच देकर 5.32 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो कपड़ा व्यापारियों को साइबर क्राइम सेल ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
साइबर क्राइम सेल के अनुसार, अठवालाइंस क्षेत्र में फ्लैट में रहने वाले 32 वर्षीय मनल्प वीरेन्द्रकुमार शाह वेसू में जेम्स स्टोन का व्यवसाय करते हैं। वर्ष 2025 में उनके फेसबुक अकाउंट पर एक विज्ञापन लिंक आया था। लिंक पर क्लिक करने के बाद वे एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ गए, जहां ग्रुप एडमिन द्वारा शेयर बाजार से संबंधित जानकारी दी जाती थी।
इसके बाद उन्हें बताया गया कि शेयर मार्केट में निवेश करने पर 300 प्रतिशत तक मुनाफा मिलेगा। अधिक लाभ के लालच में आकर मनल्प शाह ने आरोपियों के बताए अनुसार अलग-अलग बैंक खातों में यूपीआई के माध्यम से कुल 11.70 लाख रुपये जमा कर दिए। बाद में उन्हें 5.75 लाख रुपये निकालने दिए गए, लेकिन शेष 5.32 लाख रुपये निकालने नहीं दिए और इस तरह ठगी कर ली गई।
इस मामले में साइबर क्राइम सेल ने कपड़ा व्यापारी राजेश लाखाभाई रूडाणी (उम्र 54, निवासी क्षमा सोसायटी, अटलजी नगर के सामने, वराछा) और कपड़ा व्यापारी प्रफुल ननुभाई मांडणका (उम्र 40, निवासी व्रजराज रेसिडेंसी, व्रज चौक, सरथाणा जकात नाका) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी राजेश रूडाणी के बड़ौदा गुजरात ग्रामीण बैंक खाते में शिकायतकर्ता मनल्प शाह के 1.87 लाख रुपये जमा हुए थे। जांच के दौरान इस बैंक खाते में कुल 1.12 करोड़ रुपये के ट्रांजेक्शन पाए गए। राजेश ने यह बैंक खाता एक प्रतिशत कमीशन पर प्रफुल मांडणका को दिया था, जबकि प्रफुल ने यह खाता फरार आरोपी हिरेन को साइबर फ्रॉड में इस्तेमाल करने के लिए डेढ़ प्रतिशत कमीशन पर उपलब्ध कराया था।
पुलिस फरार आरोपी हिरेन की तलाश कर रही है और मामले की आगे जांच जारी है।


