ड्रीम सिटी से अल्थान टेनेमेंट स्टेशन के बीच सूरत मेट्रो का ट्रायल रन शुरू

सूरत। शहर में बहुप्रतीक्षित मेट्रो परियोजना ने अब गति पकड़ ली है। गुजरात मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (GMRCL) ने 29 मार्च से ड्रीम सिटी और अल्थान टेनेमेंट स्टेशन के बीच लगभग 8.5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड सेक्शन पर मेट्रो ट्रेनों का ट्रायल रन शुरू कर दिया है। यह हिस्सा सूरत मेट्रो के प्रथम कॉरिडोर का भाग है, जो सरथाणा से ड्रीम सिटी तक कुल 21.61 किलोमीटर लंबा है।
अधिकारियों के अनुसार ट्रायल रन करीब 15 दिनों तक चलेगा, जिसमें मेट्रो प्रणाली की सुरक्षा व्यवस्था, सिग्नलिंग सिस्टम, तकनीकी क्षमता तथा संचालन संबंधी सभी मानकों की विस्तृत जांच की जाएगी। प्रारंभिक परीक्षण पूर्ण होने के बाद रिसर्च डिजाइन एंड स्टैंडर्ड्स ऑर्गनाइजेशन (RDSO) तथा कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) द्वारा ट्रेनों, ट्रैक, स्टेशन इन्फ्रास्ट्रक्चर और सिग्नलिंग सिस्टम का अंतिम निरीक्षण किया जाएगा। व्यावसायिक संचालन शुरू करने से पहले CMRS की अनुमति अनिवार्य होगी।
सूरत मेट्रो परियोजना के तहत अब तक सात मेट्रो स्टेशनों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। मेट्रो फेज-1 परियोजना लगभग 40 किलोमीटर लंबाई में दो कॉरिडोर में विकसित की जा रही है। पहला कॉरिडोर सरथाणा से ड्रीम सिटी तक उत्तर और दक्षिण सूरत को जोड़ेगा, जबकि दूसरा कॉरिडोर भेसाण से सारोली तक 18.74 किलोमीटर लंबा होगा, जिससे शहर के पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्रों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी स्थापित होगी।
मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद शहर में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है। निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और नागरिकों को तेज, सुरक्षित एवं सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध होगा। सूरत मेट्रो परियोजना के पहले चरण को वर्ष 2027 के अंत तक पूर्ण रूप से संचालन में लाने का लक्ष्य रखा गया है।




