महिला सफाई कर्मचारियों को साड़ियां बांटी

सूरत। शहर के सिविल अस्पताल में प्रेक्षा सेवा फाउंडेशन के तत्वावधान में तथा रश्मि गिरधारी साबू के नेतृत्व में केंद्रीय जल संसाधन मंत्री सी.आर. पाटिल के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रेक्षा की टीम ने अस्पताल में कार्यरत महिला सफाई कर्मचारियों को साड़ियां भेंट कर उनके निस्वार्थ योगदान को सम्मानित किया।
कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ मानी जाने वाली महिला सफाई कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने कहा कि यह केवल वस्त्र वितरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज की सेवा में जुटी ‘नारी शक्ति’ के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करने का प्रयास है।
उन्होंने बताया कि समाज की सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में सफाई कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे सेवा कार्यों के माध्यम से उनके प्रति सम्मान व्यक्त करना समाज का कर्तव्य है।



