एक शाम श्री माजीसा माता राणी भटियाणी के नाम भक्ति संध्या में गूंजे माँ के जयकारे

सूरत। श्री माजीसा माता राणी भटियाणी ट्रस्ट द्वारा रविवार को भगवान महावीर यूनिवर्सिटी के सामने विशाल पंडाल में भव्य भक्ति संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के सुप्रसिद्ध भजन गायकों ने अपनी मधुर प्रस्तुति से माहौल को भक्तिमय बना दिया। देर रात तक चले इस आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर माँ माजीसा की आराधना की और जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।

भक्ति संध्या में आध्यात्मिक सानिध्य श्री हितेश भाई शास्त्री का रहा। वहीं सुप्रसिद्ध भजन गायक महावीर सांखला (नागौर), श्रीमती आशा वैष्णव (अहमदाबाद) तथा अनिल सालेचा (मुंबई) ने माँ माजीसा के भजनों की मनमोहक प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
ट्रस्ट के अध्यक्ष पुखराज संकलेचा ने बताया कि सूरत-मुंबई हाईवे स्थित पलसाना के बलेश्वर में निर्माणाधीन श्री माजीसा धाम के निर्माण कार्य में माँ भक्तों की सहभागिता बढ़ाने और भक्ति भाव जागृत करने के उद्देश्य से “एक शाम श्री माजीसा माता राणी भटियाणी के नाम” कार्यक्रम एवं चढ़ावे की बोलियों के साथ इस विशाल भक्ति संध्या का आयोजन किया गया।
ट्रस्ट के सचिव रमेश राठी ने बताया कि दोपहर 12:39 बजे जाजम के लाभार्थी प्रमिला भगवानभाई चाण्डक के वेसु स्थित केपिटल ग्रीन निवास से डीजे और माँ के जयकारों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। हजारों श्रद्धालुओं के साथ शोभायात्रा भक्ति संध्या स्थल पर पहुंची, जिसके बाद 2:38 बजे जाजम का शुभ मुहूर्त सम्पन्न हुआ। इसके पश्चात सुप्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा भक्ति संध्या की शुरुआत की गई और चढ़ावे की बोलियों के साथ देर रात तक माँ की आराधना चलती रही।

भक्ति संध्या में सूरत शहर के परवत पाटिया, भटार, उधना, सिटी लाइट, वेसु सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भक्ति व चढ़ावे में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
गौरतलब है कि पलसाना के बलेश्वर में श्री माजीसा धाम का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है और लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। आगामी 19 फरवरी 2027 को धाम का भव्य मुहूर्त एवं प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
इस अवसर पर ट्रस्ट द्वारा पधारे हुए भजन गायक कलाकारों और अतिथियों का दुपट्टा व साफा पहनाकर सम्मान किया गया।
भक्ति संध्या में भाजपा शहर महामंत्री किशोर बिन्दल, उप महापौर डॉ. नरेंद्र पाटिल, विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र पटेल, दक्षिण गुजरात अध्यक्ष विक्रमसिंह भाटी, वार्ड नं. 18 पार्षद दिनेश राजपुरोहित,विधानसभा प्रभारी बजरंगसिंह थोब,शम्भूसिंह दरबार( करणी सेना) सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की सफलता में गणपत भंडारी,सवाई चाण्डक,राकेश ओस्तवाल,रमेश वडेरा,महावीर जीरावला, नरेश बोहरा,नरेश संख्यलेचा,ओम राठी सहित पूरा मण्डल और कई माँ ट्रस्ट भक्त मण्डल ने अथक परिश्रम किया।



