
“सूरत में गारमेंट के लिए हर सुविधा मौजूद”— संतोष कटारिया
“टेक्सटाइल छोड़ें नहीं, लेकिन नई पीढ़ी को गारमेंट की ओर मोड़ें”-राहुल मेहता
सूरत। सदर्न गुजरात चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के ग्लोबल फैब्रिक रिसोर्स एंड रिसर्च सेंटर (GFRRC) द्वारा 1 से 8 दिसंबर तक नानपुरा के समृद्धि हॉल में आयोजित ‘टेक्सटाइल पर्व’ का समापन सोमवार को हुआ। अंतिम दिन मुख्य वक्ता के रूप में CMAI के चेयरमैन श्री संतोष कटारिया और मेंटर श्री राहुल मेहता ने उपस्थित उद्योगकारों को भारतीय एपैरल मार्केट के तेजी से बढ़ते अवसरों और भविष्य की संभावनाओं पर मार्गदर्शन दिया।
समारोह की शुरुआत में चेंबर के अध्यक्ष श्री निखिल मद्रासी ने कहा कि सूरत कठिन परिस्थितियों के बावजूद हमेशा तेज़ी से उभरता रहा है। उन्होंने कहा कि टेक्सटाइल उद्योग ने भले ही बड़ी प्रगति की हो, किंतु एपैरल उद्योग में अभी भी विशाल संभावनाएँ मौजूद हैं, जिन्हें सूरत भुना सकता है।
CMAI के चेयरमैन श्री संतोष कटारिया ने अपने संबोधन में कहा कि पूरे भारत में गारमेंट उद्योग के लिए सूरत जैसा मजबूत आधार कहीं नहीं है। यहाँ लेबर, रॉ–मैटीरियल, लॉजिस्टिक्स और इन्फ्रास्ट्रक्चर सभी उपलब्ध हैं। उन्होंने आश्चर्य जताया कि इतनी क्षमता होने के बावजूद सूरत में गारमेंट सेक्टर अपनी योग्य गति से क्यों विकसित नहीं हुआ। उन्होंने ई–कॉमर्स, ब्रांडिंग, फ्रंट–एंड मार्केटिंग और CMAI B2B चैनलों में तेजी से बढ़ते अवसरों का विस्तृत उल्लेख किया।
उनके अनुसार, “एक बार ब्रांड स्थापित हो जाए तो सोशल मीडिया के माध्यम से कुछ ही समय में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।”
मेंटर श्री राहुल मेहता ने कहा कि टेक्सटाइल, गारमेंट उद्योग का मूल आधार है। यदि सूरत अपने मजबूत टेक्सटाइल आधार का उपयोग करते हुए बड़े पैमाने पर गारमेंट निर्माण शुरू करे, तो शहर का वैल्यू एडिशन कई गुना बढ़ जाएगा। उन्होंने जोर दिया कि टेक्सटाइल उद्योग छोड़ने की बात नहीं है, बल्कि नई पीढ़ी को गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग में उतरने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रोडक्टिविटी, तकनीकी नवाचार और आधुनिक मशीनरी के उपयोग की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन GFRRC के को–चेयरमैन श्री अतुल पटेल ने किया।
अंत में चेंबर के मानद कोषाध्यक्ष सीए मितिष मोदी ने सभी उद्योगकारों, व्यापारियों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
पूर्व अध्यक्ष श्री महेंद्र काजिवाला सहित कई उद्योग प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में उपस्थित रहकर वक्ताओं का स्वागत किया।
समापन के अंत में वक्ताओं ने उद्यमियों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए।



