businessTextileक्राइमसूरत सिटी

लिंबायत में चांसी ट्रेंड्स के गारमेंट व्यापारी से 1.46 करोड़ की ठगी

ई-कार्ट और फ्लिपकार्ट लॉजिस्टिक्स के डिलीवरी विभाग के कर्मचारियों ने रिटर्न पार्सल बेच दिए, तीन आरोपी गिरफ्तार

सूरत।सूरत के लिंबायत क्षेत्र में ऑनलाइन और ऑफलाइन गारमेंट कारोबार करने वाले चांसी ट्रेंड्स के व्यापारी के साथ करीब 1.46 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ई-कार्ट और फ्लिपकार्ट लॉजिस्टिक्स के डिलीवरी विभाग के कर्मचारियों ने ऑनलाइन ऑर्डर के रिटर्न पार्सलों को व्यापारी को लौटाने के बजाय अन्य लोगों को बेचकर हड़प लिया। इस मामले में लिंबायत पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार वराछा रोड स्थित तपसील सोसायटी के पीछे ग्रीन पार्क सोसायटी में रहने वाले रूपेशभाई प्रागजीभाई देसाई लिंबायत के नारायण नगर-2 में चांसी ट्रेंड्स नाम से ड्रेस, चनिया-चोली, गाउन और साड़ी जैसे गारमेंट बनाकर ऑनलाइन व ऑफलाइन बिक्री करते हैं। ऑनलाइन बिक्री के लिए उनका करार मिंत्रा डिजाइन प्रा. लि. के साथ है। ऑनलाइन ऑर्डर के अनुसार ई-कार्ट और फ्लिपकार्ट लॉजिस्टिक्स का स्टाफ उनके यहां से माल लेकर जाता था और रिटर्न होने वाला माल वापस जमा करता था।
हालांकि स्टॉक में कमी दिखाई देने पर व्यापारी ने सितंबर 2023 से नवंबर 2025 तक का रिकॉर्ड जांचा। जांच में पता चला कि करीब 1,46,45,919 रुपये का गारमेंट माल वापस जमा ही नहीं हुआ। आगे की जांच में सामने आया कि रिटर्न हुए पार्सलों को डिलीवरी विभाग के कर्मचारियों ने व्यापारी को लौटाने के बजाय अन्य लोगों को बेचकर हड़प लिया।
इस मामले में व्यापारी रूपेशभाई देसाई ने 5 फरवरी 2026 को लिंबायत पुलिस थाने में ई-कार्ट लॉजिस्टिक्स कंपनी के टीम लीडर समेत पांच लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(2), 318(2) और 61(2) के तहत शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के आधार पर पीएसआई जी.वी. दिहोरा ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मनोज रविंद्र सैदाणे (26) निवासी महादेव नगर-3, डिंडोली, साहिल नासिर शाह (21) निवासी रुस्तम पार्क सोसायटी, लिंबायत और अजहुद्दीन आसिफ पिंजारी (22) निवासी मारुति नगर, लिंबायत शामिल हैं। तीनों मूल रूप से महाराष्ट्र के रहने वाले हैं।
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button