businessTextileदिल्ली NCRसूरत सिटी

भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 को लेकर लगभग 60 देशों के राजनयिकों के साथ विशेष संवाद

नई दिल्ली। देश के व्यापारियों के शीर्ष संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) द्वारा नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर के रोज गार्डन में विभिन्न देशों के दूतावासों एवं उच्चायोगों के राजनयिकों के साथ भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 को लेकर एक विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर लगभग 60 देशों के राजदूतों, उच्चायुक्तों, ट्रेड एवं आर्थिक काउंसलरों तथा अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ सार्थक चर्चा हुई, जिसमें आगामी भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 के विज़न, उद्देश्य और व्यापक स्वरूप को साझा किया गया।

 

संवाद के दौरान भारत के तेजी से बढ़ते व्यापारिक परिदृश्य, एमएसएमई, स्टार्टअप, नवाचार, विनिर्माण और वैश्विक व्यापारिक साझेदारियों की अपार संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर उपस्थित राजनयिकों ने भारत के व्यापारिक क्षेत्र के साथ सहयोग बढ़ाने और भारतीय उत्पादों एवं सेवाओं को वैश्विक बाजारों तक पहुँचाने में गहरी रुचि व्यक्त की।

चांदनी चौक से सांसद तथा कैट के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 भारत के व्यापारिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव भारत के व्यापारियों, एमएसएमई, स्टार्टअप और उद्योगों को वैश्विक मंच प्रदान करेगा, जिससे अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक संबंध मजबूत होंगे और भारतीय उत्पादों को दुनिया के नए बाजार मिलेंगे।

कैट की टेक्सटाइल एवं गारमेंट कमेटी के राष्ट्रीय चेयरमैन एवं भारतीय व्यापार महोत्सव की टेक्सटाइल और स्ट्रेटेजिक इनिशिएटिव्स के सलाहकार ने कहा कि इस महोत्सव के माध्यम से टेक्सटाइल और गारमेंट सेक्टर को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों के साथ बढ़ते एफटीए (फ्री ट्रेड एग्रीमेंट) और वैश्विक व्यापारिक संवाद के चलते भारत के टेक्सटाइल एवं गारमेंट उद्योग के निर्यात में उल्लेखनीय वृद्धि की संभावनाएँ हैं। महोत्सव में भाग लेने वाले प्रदर्शकों (एक्ज़िबिटर्स) को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से सीधे जुड़ने और अपने उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुँचाने का बड़ा अवसर मिलेगा, जिससे उनके निर्यात कारोबार को नई दिशा और गति मिलेगी।

यह भव्य आयोजन 12 से 15 अगस्त 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश के व्यापारी, उद्योगपति, निर्यातक, स्टार्टअप, नीति-निर्माता और वैश्विक व्यापारिक प्रतिनिधि बड़ी संख्या में भाग लेंगे।

भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 का उद्देश्य देश के व्यापारियों, विशेष रूप से टेक्सटाइल एवं गारमेंट क्षेत्र, एमएसएमई, स्टार्टअप और उद्यमियों को वैश्विक मंच प्रदान करना, घरेलू व्यापार को प्रोत्साहित करना तथा निर्यात के नए अवसरों का विस्तार करना है।

कैट ने सभी वैश्विक साझेदारों, उद्योग जगत और भारतीय व्यापारिक समुदाय को इस महोत्सव में भाग लेने के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि यह आयोजन व्यापार, नवाचार और वैश्विक सहयोग का एक ऐतिहासिक मंच बनेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button