सामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

भेस्तान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘गृह लक्ष्मी स्वाभिमान अभियान’ कार्यक्रम आयोजित

सूरत। भेस्तान स्थित तेरापंथ महिला मंडल द्वारा अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशन में 7 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ‘गृह लक्ष्मी स्वाभिमान अभियान’ के अंतर्गत एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महिला मंडल की सदस्यों द्वारा मंगलाचरण एवं प्रेरणा गीत से की गई, जिससे पूरे वातावरण में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।
मंडल अध्यक्ष मधु आंचलिया ने अपने स्वागत वक्तव्य में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से जुड़ी महिलाओं तथा केसरिया परिधान में उपस्थित नारी शक्ति का अभिनंदन करते हुए महिला सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. हेतल मशरू ने महिलाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त बनने की प्रेरणा देते हुए जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत ‘एनजीओ मीट’ का भी आयोजन किया गया, जिसमें भेस्तान क्षेत्र में कार्यरत डॉक्टर, वकील, चार्टर्ड अकाउंटेंट, प्रोफेसर तथा विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आमंत्रित कर उनके अनुभवों के माध्यम से महिलाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी गई। इस अवसर पर डॉ. प्रांजल गोखरू (फिजियोथेरेपिस्ट), पूनम नंगावत (कॉमर्स प्रोफेसर), कविता पटेल (एलएलबी), रिद्धि नौलखा (सीएफए लेवल-1), संयम नौलखा (सीए), अंजु मेहता एवं सरोज चोरड़िया सहित अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।


कार्यक्रम के दौरान श्री स्थानकवासी संघ भेस्तान को सामाजिक कार्यों में योगदान के लिए तेरापंथ महिला मंडल द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही नारी सशक्तिकरण पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रेरक वक्तव्यों और संवादों ने उपस्थित महिलाओं को प्रेरित किया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन शीतल गोखरू ने किया, जबकि आभार ज्ञापन खुशबू चोरड़िया ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में महिला मंडल की बहनों की गरिमामय उपस्थिति रही और पूरे आयोजन में उत्साह का माहौल बना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button