BJS सूरत की गर्ल्स हाफ मैराथन में 5,000 से अधिक बालिकाओं ने दिखाया जोश

सूरत। भारतीय जैन संगठन (BJS), सूरत द्वारा रविवार, 8 फरवरी को प्रातः 7:00 बजे भगवान महावीर यूनिवर्सिटी, वेसु परिसर में भव्य गर्ल्स हाफ मैराथन का आयोजन किया गया। इस आयोजन में 5,000 से अधिक बालिकाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश दिया।

मैराथन के अंतर्गत 2 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई। इसमें सूरत शहर के साथ-साथ अमरोली, कतारगाम, पर्वत पाटिया और सचिन जैसे दूरदराज़ क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रातः 6:00 बजे से ही प्रतिभागियों का आगमन शुरू हो गया, जिससे आयोजन स्थल पर उत्सव जैसा माहौल बन गया।
कार्यक्रम की शुरुआत नवकार महामंत्र और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। पहले 5 किलोमीटर दौड़ के प्रतिभागियों को और उसके बाद 2 किलोमीटर दौड़ के प्रतिभागियों को रवाना किया गया।
इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी, सूरत शहर पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत, मेयर दक्षेशभाई मेवाणी, शासक पक्ष नेता शशिबेन त्रिपाठी, सूरत महानगरपालिका की डिप्टी कमिश्नर गायत्री जरीवाला, संध्या अनुपमसिंह गहलोत, ब्रह्मकुमारी से वनिता दीदी, भारतीय जैन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नंदकिशोर सांखला, राष्ट्रीय महामंत्री प्रदीप चोपड़ा, मंत्री दीपक चोपड़ा, सूरत अध्यक्ष अजय अजमेरा, गुजरात के पूर्व अध्यक्ष संजय जैन सहित शहर के अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

इसके अलावा उद्योग जगत से विशाल सुराणा (सुराणा ग्रुप), सुरेश गोंडलिया (त्रिओम), किशोर गन्ना (दागिना ज्वेलर्स), मनहर संस्परा (यूरो ग्रुप), हस्तीमल बांठिया (तत्सम ज्वेलर्स), कुंज पंसारी (सनबो रंग), एस.डी. जैन (कैलाश जैन एस.डी. जैन स्कूल), विकास दोषी (कोको हाई) और अनिल चंडालिया भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। सभी अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
दौड़ के विभिन्न वर्गों में विजेता प्रतिभागियों को पूर्व केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी के करकमलों द्वारा मेडल और पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और आयोजन की सराहना की।




