वर्ल्ड कैंसर डे पर स्वामिनारायण गुरुकुल में निःशुल्क कैंसर जांच शिविर
223 महिलाओं ने लिया स्वास्थ्य लाभ

सूरत।वर्ल्ड कैंसर डे के अवसर पर वेड रोड स्थित श्री स्वामिनारायण गुरुकुल के धर्मजीवन क्लिनिकल लेबोरेटरी में महिलाओं के लिए निःशुल्क कैंसर निदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जैन तेरापंथ एवं श्री स्वामिनारायण गुरुकुल के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
इस शिविर में कुल 223 महिलाओं ने निःशुल्क लैब टेस्टिंग के साथ विशेषज्ञों से परामर्श और संपूर्ण मार्गदर्शन का लाभ लिया। उद्घाटन के पश्चात चिकित्सकों ने कैंसर के प्रति जागरूकता, समय पर जांच और सकारात्मक जीवनशैली के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों ने बताया कि कैंसर के लक्षणों को नजरअंदाज करना घातक हो सकता है। उन्होंने तंबाकू व शराब से दूरी, अत्यधिक वसायुक्त भोजन से परहेज, प्लास्टिक पैकेजिंग में गर्म भोजन न करने, फलों को अच्छी तरह धोकर उपयोग करने, प्रतिदिन कम से कम 45 मिनट व्यायाम, समय पर पर्याप्त नींद तथा ध्यान (मेडिटेशन) को अपनाने की सलाह दी।
शिविर में सेवा देने वाले डॉक्टरों और स्टाफ का श्री स्वामिनारायण गुरुकुल एवं जैन तेरापंथ महिला मंडल द्वारा सम्मान किया गया। इस अवसर पर सामाजिक संगठनों की प्रतिनिधि महिलाएं, जनप्रतिनिधि, गुरुकुल की मातृशक्ति, चिकित्सकगण तथा धर्मजीवन क्लिनिक का स्टाफ बड़ी संख्या में उपस्थित रहा।
यह शिविर महिलाओं में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समय रहते जांच को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।




