गुजरातसामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

सूरत में ‘AM/NS Run for Girl Child’ का भव्य आयोजन

बालिकाओं के सशक्तिकरण का सशक्त संदेश, 8–10 हजार धावकों की सहभागिता

सूरत।समाज के शोषित, वंचित एवं पीड़ित वर्ग की बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से डॉ. हेडगेवार सेवा स्मृति ट्रस्ट द्वारा आयोजित “AM/NS Run for Girl Child” चैरिटी रन का दूसरा संस्करण आज वीएनएसजीयू परिसर, सूरत में उत्साह, अनुशासन और सामाजिक प्रतिबद्धता के साथ संपन्न हुआ। इस सामाजिक सरोकार से जुड़े आयोजन में 8 से 10 हजार धावकों ने भाग लेकर बालिकाओं के उत्थान का सशक्त संदेश समाज तक पहुँचाया।


इस मैराथन में 21 किमी, 10 किमी, 5 किमी और 2 किमी की विभिन्न श्रेणियाँ रखी गई थीं। सभी वर्गों के धावकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता के विजेताओं को कुल ₹2.20 लाख की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जय शाह (आईसीसी चेयरमैन) उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयं आयोजन स्थल पर पहुँचकर धावकों का उत्साहवर्धन किया और बालिकाओं के सशक्तिकरण हेतु किए जा रहे इस प्रयास की सराहना की।


आयोजन समिति के सह-संयोजक एवं शहर के प्रमुख उद्योगपति घनश्याम शंकर, अमितभाई गज्जर (चेयरमैन, पीपल्स बैंक), श्यामजी राठी, राजेश सुराणा तथा राकेश कंसल की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
इस चैरिटी रन के मुख्य प्रायोजक AM/NS रहे, जबकि रामकृष्ण डायमंड, PPL और राजकोट नागरिक सहकारी बैंक सहयोगी दाता के रूप में जुड़े।
आयोजन समिति के सह-संयोजक श्यामजी राठी ने बताया कि“AM/NS Run for Girl Child केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि बालिकाओं के सर्वांगीण उत्थान का अभियान है। ट्रस्ट स्लम क्षेत्रों में रहने वाली बालिकाओं को शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक, आध्यात्मिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने हेतु निरंतर कार्य कर रहा है।


उन्होंने बताया कि वर्तमान में ट्रस्ट द्वारा 159 किशोरी विकास केंद्र और 105 ‘ज्ञान मंदिर’ केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। आने वाले वर्षों में किशोरी विकास केंद्रों की संख्या 500 तथा ज्ञान मंदिर परियोजना को 300 केंद्रों तक पहुँचाने का लक्ष्य रखा गया है।
इस चैरिटी रन से प्राप्त होने वाली संपूर्ण राशि बालिकाओं के शिक्षा, विकास और कल्याण से जुड़े कार्यों में उपयोग की जाएगी। उल्लेखनीय है कि डॉ. हेडगेवार सेवा स्मृति ट्रस्ट की स्थापना वर्ष 1988 में हुई थी और यह ट्रस्ट सामाजिक, शैक्षणिक, स्वावलंबन तथा स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर सेवाकार्य कर रहा है।यह आयोजन न केवल एक सफल खेल प्रतियोगिता रहा, बल्कि समाज में बालिका सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल भी साबित हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button