
सूरत।
सचिन जीआईडीसी क्षेत्र में स्थित रिधन फैशन प्रा. लि. के व्यापारी के साथ 12.06 करोड़ रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दलाल के माध्यम से पहचान बनाकर सिटी लाइट क्षेत्र की पार्थ टेक्स फर्म के व्यापारी ने यार्न का माल खरीदा, नियमित भुगतान कर भरोसा जीता और बाद में करोड़ों रुपये का भुगतान किए बिना संपर्क पूरी तरह काट लिया।
सचिन जीआईडीसी पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वेसु स्थित सोमेश्वर स्क्वेयर मॉल के सामने सोमेश्वर एन्क्लेव सोसायटी में रहने वाले दिनेश जय रामदास धनकाणी, सचिन जीआईडीसी रोड पर प्लॉट नंबर 527/2 में “रिधन फैशन प्रा. लि.” नाम से यार्न ट्रेडिंग के साथ-साथ दुपट्टा, ड्रेस मटेरियल और साड़ी कपड़े का मैन्युफैक्चरिंग व्यवसाय करते हैं।
वर्ष 2018 में उनके परिचित कपड़ा दलाल रूपेशभाई जवेरी के माध्यम से पार्थ दीपकभाई गांधी (निवासी: 40, संगम सोसायटी, साइंस सेंटर के सामने, सिटी लाइट रोड, सूरत) से परिचय हुआ। पार्थ गांधी ने अपनी पार्थ टेक्स फर्म के लिए यार्न मंगवाना शुरू किया और प्रारंभ में नियमित भुगतान कर व्यापारियों का विश्वास जीत लिया।
इसके बाद 4 जनवरी 2024 से 9 जुलाई 2025 के दौरान खरीदे गए यार्न के माल की कुल बकाया राशि 12,06,19,883 रुपये का भुगतान नहीं किया गया। आरोप है कि इसके बाद पार्थ गांधी ने फोन, व्हाट्सएप मैसेज, ई-मेल और डाक के जरिए किए गए सभी संपर्क प्रयासों का जवाब देना बंद कर दिया और संपर्क पूरी तरह तोड़ लिया।
अंततः पीड़ित व्यापारी दिनेश धनकाणी ने बीते दिन सचिन जीआईडीसी पुलिस थाने में पार्थ गांधी के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(5) के तहत शिकायत दर्ज कराई है। मामले की जांच क्राइम ब्रांच की आर्थिक अपराध निवारण शाखा के पुलिस इंस्पेक्टर जी. एम. हडिया कर रहे हैं।
इस घटना के बाद सूरत के कपड़ा उद्योग में एक बार फिर बड़े स्तर की धोखाधड़ी को लेकर चिंता और आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है।



