नए सत्र के पहले ही दिन अभिभावकों पर महंगाई की मार
स्कूल वैन का किराया 200 रुपये और रिक्शा का 100 रुपये प्रतिमाह बढ़ा, बच्चों की आवाजाही हुई महंगी

अहमदाबाद। राज्यभर में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही अभिभावकों को महंगाई का एक और झटका लगा है। अहमदाबाद सहित गुजरात के विभिन्न शहरों में स्कूल वैन और स्कूल रिक्शा के किराए में बढ़ोतरी कर दी गई है। स्कूल वैन के मासिक किराए में 200 रुपये तथा स्कूल रिक्शा के किराए में 100 रुपये की वृद्धि की गई है।
नए किराया ढांचे के अनुसार अब पांच किलोमीटर तक की दूरी के लिए अभिभावकों को प्रति बच्चे स्कूल रिक्शा का किराया 1,250 रुपये तथा स्कूल वैन का किराया 2,200 रुपये प्रतिमाह चुकाना होगा। नए सत्र के पहले ही दिन किराया बढ़ने से अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार हाल ही में सीएनजी की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के बाद ऑटो रिक्शा और टैक्सी चालकों ने भी किराए बढ़ाए थे। इसके बाद से ही स्कूल वाहन संचालकों द्वारा किराया संशोधन की चर्चा चल रही थी। अंततः नए शैक्षणिक सत्र के साथ बढ़े हुए किराए लागू कर दिए गए।
स्कूल वाहन संचालकों का कहना है कि पिछले दो वर्षों में सीएनजी, वाहन रखरखाव, बीमा और अन्य परिचालन खर्चों में लगातार वृद्धि हुई है। ऐसे में किराए में संशोधन करना आवश्यक हो गया था। वहीं अभिभावकों का कहना है कि शिक्षा, फीस और परिवहन खर्चों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
बढ़े हुए किराए से अभिभावकों पर सालाना 1,200 रुपये से 2,400 रुपये तक का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की संभावना है। इससे नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही परिवारों का खर्च और बढ़ गया है।




