
सूरत। फोस्टा ने “छोटा प्रयास — बड़ा परिवर्तन” अभियान के तहत सूरत कपड़ा बाजार के व्यापारियों से सामूहिक वाहन उपयोग अपनाकर ऊर्जा बचत एवं यातायात नियंत्रण में सहयोग देने की अपील की है। फोस्टा अध्यक्ष कैलाश हाकिम ने कहा कि सूरत का कपड़ा व्यापार हमेशा देशहित, समाजहित और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में अग्रणी रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल बचत, ऊर्जा संरक्षण और जनभागीदारी को लेकर दिए गए संदेश से प्रेरित होकर यह पहल शुरू की गई है।
फोस्टा ने व्यापारियों से आग्रह किया है कि जो व्यापारी एक ही बिल्डिंग, मार्केट, सोसायटी अथवा आसपास के क्षेत्रों से प्रतिदिन रिंग रोड और सारोली मार्केट आते हैं, वे अल्टरनेट वाहन व्यवस्था अथवा सामूहिक वाहन उपयोग को अपनाएं। विशेष रूप से फोर व्हीलर से आने वाले व्यापारी अपने आसपास के व्यापारियों को साथ लेकर एक ही वाहन में मार्केट आने की व्यवस्था करें। संगठन का कहना है कि इस पहल से पेट्रोल-डीजल की बचत, ट्रैफिक नियंत्रण, पार्किंग समस्या में कमी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, वहीं समय और खर्च की भी बचत होगी।
फोस्टा ने कहा कि केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल सहित देश के नेतृत्व ने हमेशा जनभागीदारी और ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा दिया है। संगठन ने विश्वास जताया कि यदि सूरत कपड़ा बाजार इस संकल्प को अपनाता है तो यह पूरे देश के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन सकता है।




