सूरत में चुनावी सरगर्मी तेज, भाजपा की सभाएं और जन समर्थन यात्रा से बढ़ा माहौ

सूरत। आगामी सूरत महानगरपालिका की स्थानीय स्वराज चुनाव को लेकर शहर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी द्वारा चुनाव प्रचार को गति देते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जनसभाओं और जन समर्थन यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति से कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया।

केंद्रीय मंत्री मनसुखभाई मांडविया ने बड़े वराछा स्थित शिवधारा चौक में आयोजित सभा को संबोधित किया। वहीं सांसद पुरुषोत्तम रूपाला ने कतरगाम क्षेत्र में पारस पुलिस चौकी रोड तथा जळकांति मैदान में आयोजित सभाओं में भाग लेकर जनता से भाजपा उम्मीदवारों को बहुमत से विजयी बनाने की अपील की।
कतरगाम में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए रूपाला ने कहा कि भाजपा सरकार ने विकास को प्राथमिकता देते हुए जनहित में अनेक कार्य किए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार भी स्थानीय स्वराज चुनाव में भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।

वहीं, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में 23 अप्रैल को “जन समर्थन यात्रा” का आयोजन किया गया। यह यात्रा नाना वराछा से शुरू होकर चीकुवाड़ी, कापोद्रा, हीराबाग सर्कल सहित विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए समापन स्थल तक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
भाजपा नेताओं ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। इसी विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए पार्टी ने एक बार फिर जनता से समर्थन मांगा।
इन आयोजनों के चलते सूरत शहर में चुनावी माहौल पूरी तरह सक्रिय हो गया है और सभी दलों ने अपने-अपने प्रचार अभियान को तेज कर दिया है।



