
,सूरत। शहर के मोटा वराछा निवासी व सारोली रघुवीर प्लेटिनियम टेक्सटाईल मार्केट के कपड़ा व्यापारी से 7.82 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में सारोली पुलिस स्टेशन में तीन मुंबई स्थित व्यापारियों और एक दलाल के खिलाफ व्यापारीक विश्वासघात और धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मोटा वराछा आनंदधारा सोसायटी निवासी 58 वर्षीय रसीकभाई मनजीभाई हिरपरा रघुवीर प्लेटिनियम टेक्सटाइल मार्केट, सारोली में “भारत टेक्सटाइल” नाम से ड्रेस मटेरियल का होलसेल व्यापार करते हैं। उनके व्यवसाय का संचालन उनके पुत्र तुषारभाई हिरपरा और जतीनभाई पीपलिया करते हैं।
वर्ष 2023 के अगस्त माह में मुंबई के कपड़ा दलाल प्रकाश वालजी राजपुरोहित ने बड़े पैमाने पर व्यापार और समय पर भुगतान का भरोसा देकर संपर्क किया। विश्वास में आकर 14 अगस्त 2023 को 1,18,341 रुपये का कपड़ा मुंबई भेजा गया, जिसमें से 43,831 रुपये का माल वापस आया, लेकिन 74,510 रुपये का भुगतान नहीं किया गया।
इसके बाद सितंबर 2023 में दलाल प्रकाश राजपुरोहित ने पंकजकुमार जयसवाल (जय नारायण टेक्सटाइल, मुंबई) से संपर्क करवाया। 4 सितंबर 2023 को 2,11,138 रुपये का कपड़ा भेजा गया, जिसमें मात्र 1,000 रुपये भुगतान किया गया और 2,65,638 रुपये बकाया रखे गए।
फिर जनवरी 2024 में ललितकुमार समाराम परमार (राधे क्रिएशन, मुंबई) के साथ व्यापार कराया गया। 4 जनवरी से 18 जनवरी 2024 के बीच 4,43,543 रुपये का कपड़ा भेजा गया, जिसमें सिर्फ 700 रुपये का भुगतान किया गया और 4,42,843 रुपये बकाया रखे गए।
इस प्रकार तीनों आरोपियों ने आपसी मिलीभगत से कुल 7,82,995 रुपये का कपड़ा खरीदकर भुगतान नहीं किया। व्यापारी द्वारा बार-बार उधारी मांगने पर आरोपी टालमटोल करते रहे और झूठे आश्वासन देते रहे।
घटना के बाद रसीकभाई हिरपरा ने सारोली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।पीएसआई एस बी नकुम मामले की जांच कर रह रही है।



