businessTextileसूरत सिटी

पांडेसरा के प्रमुखपार्क इंडस्ट्री में लूम्स के खाते में आग, मची अफरा-तफरी

दूसरी मंजिल पर लगी आग, फायर ब्रिगेड ने फंसे मजदूर को सुरक्षित निकाला

सूरत। पांडेसरा क्षेत्र स्थित प्रमुखपार्क इंडस्ट्री में रविवार दोपहर एक लूम्स के खाते में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही भेस्तान, मानदरवाजा और उधना फायर स्टेशन से दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग में फंसे एक मजदूर को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
फायर विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पांडेसरा बाटलीबॉय स्थित प्रमुखपार्क इंडस्ट्री के खाता नंबर 43 की दूसरी मंजिल पर संचालित लूम्स यूनिट के आगे के हिस्से में अचानक आग लग गई। वहां बड़ी मात्रा में ग्रे कपड़े का स्टॉक रखा हुआ था, जिससे आग तेजी से पूरे खाते में फैल गई। आग की लपटें और धुआं बढ़ते ही अंदर काम कर रहे मजदूर जान बचाकर बाहर भाग निकले, जबकि आसपास के लोग भी मदद के लिए पहुंच गए।
इस दौरान खाते के पिछले हिस्से में कार्यरत 45 वर्षीय मजदूर रमाकांत भाई मुख्य बिजली स्विच बंद करने पहुंचे, लेकिन धुएं और आग के कारण वहीं फंस गए। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने सबसे पहले अंदर फंसे मजदूर को सुरक्षित बाहर निकाला, जिसके बाद लगातार पानी का छिड़काव कर आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की गई।
फायर ऑफिसर दिनेश पटेल ने बताया कि खाते के भीतर अत्यधिक धुआं भर गया था, इसलिए दमकल कर्मियों ने विशेष सुरक्षा मास्क पहनकर अंदर प्रवेश किया और कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूर्ण नियंत्रण प्राप्त किया। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई गई है।
आग की घटना में मशीनरी सहित लगभग 200 से 300 ग्रे कपड़े के थान जलकर खाक हो गए। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button