
सूरत।सूरत के सचिन क्षेत्र में एक कपड़ा व्यापारी के साथ 10.43 करोड़ रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। कर्नाटक के तीन लोगों ने साड़ियों का बड़ा ऑर्डर देकर माल मंगवाया और बाद में भुगतान किए बिना फरार हो गए। मामले में सचिन पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, सचिन के दूरदर्शन टावर के पास आसोपालव सोसायटी में रहने वाले नीतिनभाई मगनभाई पानसुरिया की सचिन के होजीवाला एस्टेट-2 में “ओशन वेव्स” नाम से साड़ी बनाने की फैक्ट्री है। वर्ष 2025 में उनकी मुलाकात कपड़ा व्यापारी मुरली और राजेशभाई के माध्यम से रमेश नामक व्यक्ति से हुई थी। उन्होंने रमेश सागादेवन (प्रोप्राइटर/ऑथराइज्ड सिग्नेचर पर्सन, शिवम ट्रेडर्स, के.आर. मोहल्ला, त्यागराज रोड, मैसूर, कर्नाटक) को कर्नाटक का बड़ा व्यापारी बताकर परिचय कराया था।
इसके बाद 8 नवंबर 2025 से रमेश ने अलग-अलग प्रकार की साड़ियों के ऑर्डर देना शुरू किया। उसने करीब 13 करोड़ रुपये से अधिक का ऑर्डर दिया और 49 चेक के माध्यम से अलग-अलग किस्तों में लगभग 2.84 करोड़ रुपये एडवांस भी दिया। इसके बाद उसने और ऑर्डर देकर कुल 10.43 करोड़ रुपये की 1.75 लाख से अधिक साड़ियां मंगवा लीं।
सभी साड़ियों का माल वीआरएल ट्रांसपोर्ट के जरिए कर्नाटक भेजा गया। लेकिन भुगतान का समय आने पर रमेश और उसके साथियों ने फोन उठाना बंद कर दिया और अंत में पैसे देने से साफ इनकार कर दिया।
धोखाधड़ी का अहसास होने पर नीतिनभाई पानसुरिया ने सचिन पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 10.43 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।




