
सूरत। शहर के कमला दरवाजा स्थित प्रसिद्ध मिलेनियम टेक्सटाइल मार्केट-1 में शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत हरकत में आईं और अलग-अलग 9 फायर स्टेशनों से दमकल वाहन मौके पर भेजे गए।
आग तेजी से फैलने के कारण फायर विभाग द्वारा मेजर ब्रिगेड कॉल घोषित किया गया। फायर अधिकारियों के अनुसार मार्केट के ऊपरी फ्लोर पर स्थित 2 से 3 दुकानों में आग लगी थी, जिससे भारी धुआं फैल गया और राहत कार्य में शुरुआती कठिनाई हुई।
दमकल विभाग के सूत्रों ने बताया कि पहले तीन फायर स्टेशनों से गाड़ियां भेजी गई थीं, लेकिन मौके पर पहुंचने के बाद आग की गंभीरता को देखते हुए शहर के लगभग 10 स्थानों से फायर फाइटर और अतिरिक्त संसाधन बुलाए गए। लगातार प्रयासों के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
मिलेनियम-1 टेक्सटाइल मार्केट में लगभग 3600 दुकानें स्थित हैं। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने पूरे मार्केट को तत्काल खाली कराकर सभी दुकानें बंद करा दीं। आग की घटना से व्यापारियों में भारी चिंता का माहौल बन गया, क्योंकि करोड़ों रुपये का कपड़ा और माल मार्केट में मौजूद था।
घटना के दौरान उठते धुएं और आग की लपटों से आसपास के बाजारों में भी दहशत फैल गई। हालांकि फायर ब्रिगेड की समय पर कार्रवाई से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
करीब कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पूरी तरह बुझा दी गई है। फिलहाल दमकल विभाग द्वारा कूलिंग ऑपरेशन जारी है तथा मार्केट में धुआं निकालने, सफाई और नुकसान का आकलन करने की प्रक्रिया चल रही है। आग पर काबू मिलने के बाद व्यापारियों ने राहत की सांस ली है, लेकिन करोड़ों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।



