सामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

बेटियों को जागरूक करने के लिए अनूठी पहल: विजय चौमाल ने युवतियों के साथ देखी ‘केरल स्टोरी-2’

सूरत। सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए डुंभाल-आंजणा क्षेत्र के लोकप्रिय पूर्व पार्षद एवं सूरत नगर निगम की स्लम कमेटी के पूर्व अध्यक्ष विजय चौमाल ने अपने क्षेत्र की बहनों और बेटियों के लिए विशेष फिल्म शो का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने बड़ी संख्या में युवतियों और महिलाओं के साथ फिल्म ‘केरल स्टोरी-2’ देखी।
यह पहल उनके उस संकल्प का हिस्सा है, जो उन्होंने पिछले सप्ताह अपने साथी पार्षदों के साथ फिल्म देखने के बाद लिया था। उन्होंने वादा किया था कि क्षेत्र की बेटियों को भी इस फिल्म के माध्यम से सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक किया जाएगा, जिसे आज उन्होंने साकार किया।


कार्यक्रम में जैन समाज की 300 से अधिक महिलाओं और बालिकाओं की उपस्थिति रही। इस विशेष शो का उद्देश्य युवतियों को समाज की चुनौतियों से अवगत कराना, उनमें सजगता विकसित करना और उन्हें मानसिक रूप से सशक्त बनाना था।
इस अवसर पर विजय चौमाल ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं होता, बल्कि समाज की माताओं-बहनों को जागरूक और सुरक्षित बनाना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ‘केरल स्टोरी-2’ जैसी फिल्में समाज के संवेदनशील मुद्दों को सामने लाकर युवाओं को सोचने और समझने की दिशा देती हैं।
जैन आदिनाथ महिला मंडल की महामंत्री मिनी गंगवाल ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें सामाजिक चुनौतियों के प्रति सतर्क करना तथा धर्म और संस्कारों के प्रति जागरूक बनाना है। कार्यक्रम में श्री चंद्रप्रभु मंदिर के अध्यक्ष चिरंजीलाल, आदिनाथ महिला मंडल की अध्यक्षा ललिता काला, कोषाध्यक्ष सुमन बोहरा सहित कई गणमान्य महिलाएं उपस्थित रहीं।
फिल्म प्रदर्शन के बाद उपस्थित महिलाओं और युवतियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। क्षेत्र के नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज को वैचारिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।
विजय चौमाल ने भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने की बात कही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button