अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर श्रमणी विहार परिवार द्वारा वॉकेथॉन का आयोजन

सूरत। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर श्रमणी विहार परिवार द्वारा एक वॉकेथॉन का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 400 से 500 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं के स्वास्थ्य, जागरूकता और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
वॉकेथॉन के बाद अठवा लाइंस श्री संघ परिसर में उन महिलाओं को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए, जो निरंतर सेवा कार्यों से जुड़ी हुई हैं। इस अवसर पर श्रीमती तृप्तिबेन ने कहा कि बहनों के लिए जितना भी किया जाए, वह कम है, क्योंकि यही महिलाएं श्रमण भगवंतों की सेवा में वर्षभर यानी 365 दिन समर्पित भाव से कार्य करती हैं।
कार्यक्रम में कुमारी विभाबेन वजुभाई पारेख और श्रीमती पन्नाबेन मोमाया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके सेवा भाव और सामाजिक योगदान की सराहना की।
इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता से वातावरण उत्साहपूर्ण बना रहा।



