सामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

78वें अणुव्रत स्थापना दिवस पर चलथान अणुव्रत समिति द्वारा विविध कार्यक्रम आयोजित

कामरेज6। अणुव्रत समिति चलथान द्वारा अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी के निर्देशन में 78वां अणुव्रत स्थापना दिवस जैन श्वेतांबर तेरापंथ संघ के सभा भवन, कामरेज में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8:30 बजे कामरेज बस स्टेशन से तेरापंथ सभा भवन तक निकाली गई अणुव्रत रैली से हुई। इसके पश्चात प्रातः 9:30 बजे ध्वजारोहण किया गया तथा अणुव्रत व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आचार्य श्री महाश्रमण की विदुषी शिष्या साध्वी डॉ. परमयसा जी (ठाणा-4) का पावन सानिध्य प्राप्त हुआ।


कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन अणुव्रत समिति की अध्यक्षा श्रीमती कांता नौलखा ने किया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “विश्व शांति में अणुव्रत का योगदान” रहा, जिस पर मुख्य वक्ता कोमल डांगी (सूरत) ने अणुव्रत आंदोलन की प्रासंगिकता एवं नैतिक जीवन मूल्यों पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के दौरान पी.एस. श्रीमाली इंग्लिश स्कूल, अंत्रोली के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक एवं जागरूकता प्रस्तुतियां दीं। गुंजन डूडी ने मोबाइल के दुष्प्रभाव पर कविता पाठ किया, जबकि कृष्णा कुमावत ने अरावली पर्वतमाला के दोहन पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। भाग्यश्री प्रजापत ने अणुव्रत आंदोलन के महत्व पर विचार रखे। कक्षा 2 एवं 3 के विद्यार्थियों ने राजस्थानी गीत “मरुधर धोरां मां चालै ऊंट गाडो” पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। राधिका राजपुरोहित, काव्या शर्मा एवं दिव्या प्रजापत ने भी प्रभावी प्रस्तुतियां दीं।
कक्षा 7 के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत “बागवान” नाटिका विशेष आकर्षण रही, जिसमें बुजुर्ग माता-पिता के प्रति बदलते सामाजिक व्यवहार एवं हो रहे अत्याचारों पर संवेदनशील संदेश दिया गया। इस नाटिका में कुंदन प्रजापत, हनी रावल, शीतल प्रजापत एवं कृष्णा कुमावत के जीवंत अभिनय ने दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अणुव्रत विश्व भारती की राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्रीमती पायल चोरडिया ने की। विशेष अतिथि के रूप में गुजरात राज्य प्रभारी संजय बोथरा, तेरापंथ सभा कामरेज के अध्यक्ष शंकरलाल मेहता, तेरापंथ सभा चलथान के अध्यक्ष विनोद खाबिया तथा मंत्री संजय बाफना उपस्थित रहे।


कार्यक्रम का प्रभावी संचालन श्रीमती हंसा सुतरिया ने किया, जबकि अंत में अणुव्रत समिति के संयोजक बाबूलाल नौलखा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के समापन पर तेरापंथ संघ कामरेज द्वारा उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button