
सूरत। साउथ ईस्ट जोन (लिंबायत) में बकाया प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली के लिए नगर निगम द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। डेप्युटी म्युनिसिपल कमिश्नर निलेशभाई एच. पटेल के निर्देश और असिस्टेंट कमिश्नर दीपक एम. राठौड़ के मार्गदर्शन में आकलन अधिकारी ए. वी. जगताप तथा वसूली विभाग की टीम ने 4 फरवरी 2026 को टेक्सटाइल मार्केट क्षेत्र में सख्त कार्रवाई की।
अभियान के दौरान द पैलेस मार्केट, राजहंस मार्केट, आशीर्वाद मार्केट, पोलारिस मार्केट सहित अन्य वाणिज्यिक परिसरों में बकाया कर की जांच की गई। कुल लगभग 14.02 करोड़ रुपये की बकाया राशि के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए लंबे समय से कर नहीं भरने वाले करदाताओं में हड़कंप मच गया।
इस दौरान बकाया रखने वाली संपत्तियों को सील करते हुए कुल 107 दुकानों पर ताला लगाया गया। कार्रवाई के दौरान कई व्यापारियों ने मौके पर ही कर जमा कराया, जिससे 43.74 लाख रुपये की तत्काल वसूली हुई। लिंबायत जोन द्वारा कुल 87.50 लाख रुपये की वसूली दर्ज की गई।
जोन की ओर से 4 फरवरी 2026 तक 337.21 करोड़ रुपये की कुल मांग के मुकाबले 208.37 करोड़ रुपये, यानी 61.79 प्रतिशत वसूली की जा चुकी है।
नगर निगम ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में साउथ ईस्ट जोन के सभी औद्योगिक और वाणिज्यिक क्षेत्रों में बकाया करदाताओं की संपत्तियों को सील करने की कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं आवासीय क्षेत्रों में बकायेदारों के पानी और ड्रेनेज कनेक्शन काटने का अभियान भी चलाया जाएगा।
नगर निगम ने सभी बकायेदारों से अपील की है कि वे जोन कार्यालय या सिविक सेंटर में संपर्क कर जल्द से जल्द अपना बकाया कर जमा करें, ताकि किसी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके।




