सूरत के कपड़ा दलाल का मुंबई से अपहरण, 4.5 करोड़ के लेनदेन का विवाद
50 लाख की फिरौती की मांग

सूरत के वेसू क्षेत्र के शिव कार्तिक एन्क्लेव में रहने वाले राजस्थान के कपड़ा दलाल का अपहरण कर मुंबई से ले जाया गया और पत्नी से पति को छोड़ने के बदले 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। वेसू पुलिस थाने में दलाल की पत्नी पायल जैन ने शिकायत दर्ज कराई। बताया गया कि इससे पहले भी दो महीने पहले चिराग और राहुल नामक दो युवकों ने कपड़ा दलाल रोहित जैन का मुंबई से अपहरण कर 2 लाख रुपये लेकर छोड़ा था।
प्राप्त जानकारी अनुसार मूल रूप से राजस्थान के सिरोही जिले के वीरवाड़ गांव निवासी रोहित जैन सूरत की कपड़ा मार्केट में दलाली का काम करते हैं। हाल ही में वह व्यवसायिक काम से मुंबई गए थे। मुंबई पहुंचने के बाद उन्होंने अपनी पत्नी को फोन कर जानकारी दी। अगले दिन जब पायल ने फोन किया तो दोनों नंबर बंद मिले। इस पर पायल ने रोहित के दोस्त मेहुल से संपर्क किया। जांच में पता चला कि रोहित मुंबई के सोना होटल में ठहरे थे, लेकिन रात तीन बजे होटल छोड़कर निकल गए। होटल के बाहर से चार लोगों द्वारा कार में बैठाकर रोहित को ले जाते हुए सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया।
फिरौती की धमकी और सोने के जेवरात लूटे
घटना के अगले दिन दो व्यक्ति पायल के घर पहुंचे और रोहित से फोन पर बात कराई। रोहित ने बताया कि वह मुंबई में है और 50 लाख की व्यवस्था करने को कहा। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। दोपहर में फिर दो लोग घर पहुंचे और रोहित से वीडियो कॉल कर बात करवाई। रोहित ने पत्नी से कहा कि जो भी सोने के गहने हैं उन्हें दे देना। पायल ने 1.20 लाख रुपये के सोने के गहने उतारकर दे दिए और इसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया। इसके बाद आरोपियों ने दुकान का माल भी चिराग को सौंपने के लिए धमकाया।
पहले भी हो चुका था अपहरण, पुलिस जांच में जुटी
दो महीने पहले भी इसी तरह रोहित का अपहरण कर 2 लाख रुपये की वसूली की गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि रोहित को कपड़ा व्यवसाय में चिराग को 4.5 करोड़ रुपये देने थे। इसी लेनदेन के विवाद में चिराग, राहुल और उनके दो साथी रोहित का अपहरण कर ले गए।
मुंबई पुलिस में शिकायत, वेसू पुलिस की टीम भी मुंबई पहुंची
घटना की गंभीरता को देखते हुए रोहित की पत्नी और परिवारजन मुंबई में पुलिस शिकायत दर्ज कराने पहुंचे हैं। वेसू पुलिस की एक टीम भी मुंबई भेजी गई है। वेसू थाने के पीआई जिग्नेश पटेल के अनुसार यह मामला फिरौती का है या फिर कोई पारिवारिक या व्यावसायिक साजिश, इसकी भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार रोहित का अपहरण या रची गई साजिश?
चिराग का नाम प्रमुख रूप से सामने आया है। पुलिस विभिन्न एंगल से जांच कर रही है कि अपहरण सच्चा है या फिर रोहित ने खुद अपने परिचितों के साथ मिलकर कोई खेल रचा है।
फिलहाल पुलिस ने चिराग, राहुल सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।




