महिला काव्य गोष्ठी में प्रेम और बसंत पर काव्य पाठ

सूरत। महिला काव्य मंच “मन से मंच तक” की मासिक गोष्ठी 12 फरवरी 2026 को उपाध्यक्ष निम्मी गुप्ता के निवास पर आयोजित हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ छाया खंडेलवाल ने माँ वीणा वादिनी की स्तुति से किया। इसके बाद उन्होंने अपनी रचना “प्रेम जिसकी सबको ही प्यास है” प्रस्तुत कर प्रेम के महत्व को रेखांकित किया।
कंचन हेमनानी ने “निशब्द प्रेम” के माध्यम से सच्चे प्रेम का भावपूर्ण चित्रण किया, जबकि सुमनलता शर्मा ने “ऋतुराज तुम्हारे स्वागत में” सुनाकर बसंत ऋतु का अभिनंदन किया। रेणुका झा ने मधुर स्वर में “रिश्तों में प्रेम समाया है” सुनाकर सभी का मन मोह लिया।
गोष्ठी में कुलदीप कौर ने यादों से जुड़ी अपनी रचना प्रस्तुत की, वहीं सचिन रजनी जैन ने “मदनोत्सव बसंत” को शब्दों में पिरोया। कार्यक्रम का समापन उपाध्यक्ष निम्मी गुप्ता ने अपनी कविता “तुम्हारे प्यार के पीछे भय है” सुनाकर किया, जिसमें उन्होंने पति-पत्नी के रिश्ते की संवेदनाओं को अभिव्यक्त किया।गोष्ठी का वातावरण साहित्यिक और भावनात्मक रस से सराबोर रहा, जिसमें उपस्थित कवयित्रियों ने प्रेम और बसंत के विविध रंग प्रस्तुत किए।



