एकल रन 3.0 का आयोजन आठ फरवरी को ; प्रोमो रन में 250 लोगों ने लिया हिस्सा

सूरत,वनबंधु परिषद (फ्रेंड्स ऑफ़ ट्राइबल्स सोसायटी) एवं युवा टीम द्वारा हाफ मैराथन एकल रन 3.0 का आयोजन 8 फ़रवरी को किया जाएगा। एकल रन के इवेंट चेयरमैन श्रीनारायण पेड़ीवाल ने बताया की एकल रन में सूरत के अलावा देश के अनेकों राज्यों से लगभग छ: हज़ार धावक भाग लेंगे। यह मैराथन 21, 10, 5 और 3 कि. मी. श्रेणियों में होगी। मैराथन का आयोजन “रन तो एजुकेट” की थीम पर किया जाएगा एवं इसके माध्यम से वनवासी गांवों में एकल विद्यालय का संचालन किया जाएगा। संस्था अपने ध्येय वाक्य ‘छोटे कदम–बड़े इरादे’ के अनुरूप देश के लगभग एक लाख छोटे-छोटे वनवासी गांवों में एकल विद्यालयों के माध्यम से शिक्षा का प्रकाश फैला रही है। इस सकारात्मक सोच के परिणाम स्वरूप वनवासी समाज देश की मुख्यधारा से जुड़ रहा है।

मैराथन के पूर्व सोमवार, 26 जनवरी को प्रोमो रन का आयोजन वेसु कैनाल रोड़ स्थित एमएबी फ़ार्म से किया गया। जिसमे 250 लोगों ने हिस्सा लिया। प्रोमो रन में एकल अभियान द्वारा देश के वनवासी क्षेत्रों में चलाये जा रहे साक्षरता अभियान संदेश दिया एवं लोगों को एकल रन 3.0 में जुड़ने के लिये प्रेरित किया।
प्रोमो रन के मौके पर वनबंधु परिषद के वेस्ट ज़ोन के चेयरमैन श्याम गर्ग, पीईपीएल के चेयरमैन रविंद्र आर्य, सचिन इन्फ्रा के चेयरमैन बिनय अग्रवाल, एकल रन रेस डायरेक्टर ललित पेड़ीवाल, इवेंट कोऑर्डिनेटर गौतम प्रजापति, गोपेश अग्रवाल एवं जय स्वर्णकार सहित अनेकों सदस्य उपस्थित रहें। प्रोमो रन के समापन के बाद तिरंगा फहराकर गणतंत्र दिवस मनाया गया।




