वेसु वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक सम्पन्न, ट्रैफिक व्यवस्था,सफाई और जागरूकता अभियान पर लिया गया निर्णय

सूरत।वेसु वेलफेयर एसोसिएशन कार्यालय पर रविवार को आयोजित बैठक में वेसु क्षेत्र की विभिन्न सोसाइटीयों के प्रमुखों, मंत्रियों और सक्रिय सदस्यों ने उपस्थिति दर्ज कराई। बैठक में क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था, अतिक्रमण, साफ–सफाई, पानी सप्लाई, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य नागरिक सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्ण शर्मा ने बताया कि वेसु की स्वच्छता एवं पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए लोगों में जागरूकता लाने के लिए अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। इस हेतु वेसु क्षेत्र को 16 जोन में विभाजित किया गया है और प्रत्येक जोन में अलग कार्यकारिणी गठित की जाएगी।
मतदाता सूची सुधार हेतु सरकार द्वारा आगामी दिनों में चलाए जाने वाले अभियान में भी सहयोग करने और जन–जागरूकता अभियान चलाने पर सहमति बनी। साथ ही पंच परिवर्तन को लेकर घर–घर सम्पर्क अभियान में सक्रिय भागीदारी का भी निर्णय लिया गया।बैठक में दुर्गा पूजा एवं छठ पूजा के सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त किया गया और भविष्य में इन आयोजनों को और बेहतर बनाने के सुझावों पर चर्चा की गई।
मीटिंग में एसोसिएशन के संरक्षक देवेंद्र गुप्ता, मंत्री विशाल पटेल, कोषाध्यक्ष राजेश केजरीवाल, कार्यकारिणी सदस्य शिशिर जगनानी, रवि वाधवा, सुभाष पंसारी, अशोक अग्रवाल, दीपक गांधी, दीपक डालमिया, निर्मल अग्रवाल, कमलेश भरडिया, बलवंत सैनी, पवन शर्मा, विमल जैन, राजीव जैन, राजेश दारूका, शुभकरण भीमसरिया, रामानुज तिवारी, महेश नारोली सहित बड़ी संख्या में सोसाइटी प्रतिनिधि व सदस्य उपस्थित रहे।




