विशेष प्रेक्षाध्यान कार्यशाला का आयोजन

सूरत। विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर प्रेक्षा फाउंडेशन, सूरत द्वारा एक विशेष प्रेक्षाध्यान कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यशाला युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी की सुशिष्या साध्वी श्री मधुबाला जी के पावन सान्निध्य में संपन्न होगी। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में मानसिक शांति, शारीरिक स्वास्थ्य एवं आध्यात्मिक जागृति को प्रोत्साहित करना है।
यह कार्यशाला 21 दिसंबर 2025, रविवार को प्रातः 9:30 से 10:30 बजे तक तेरापंथ भवन, सिटी लाइट, सूरत में आयोजित होगी, जिसमें सामूहिक प्रेक्षाध्यान एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।प्रेक्षा फाउंडेशन ध्यान, योग, तनाव-प्रबंधन, नैतिक शिक्षा एवं व्यक्तित्व विकास जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से निरंतर समाज सेवा में सक्रिय है। संस्था विद्यार्थियों, गृहिणियों, वरिष्ठ नागरिकों तथा कार्यरत वर्ग के लिए नियमित रूप से ध्यान सत्र, कार्यशालाएँ एवं शिविर आयोजित करती रही है।
प्रेक्षाध्यान एक वैज्ञानिक एवं आध्यात्मिक ध्यान पद्धति है, जिसे आचार्य श्री तुलसी की प्रेरणा एवं आचार्य श्री महाप्रज्ञ के अनुसंधान से विकसित किया गया। इसके अभ्यास से तनाव में कमी, भावनात्मक संतुलन, निर्णय क्षमता में वृद्धि तथा आंतरिक शांति की अनुभूति होती है।प्रेक्षा फाउंडेशन, सूरत ने सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे इस कार्यशाला में सहभागी बनकर शांति, संतुलन एवं सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव करें।




