
सूरत। द साउदर्न गुजरात चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा शनिवार, 15 नवंबर 2025 को नानपुरा स्थित “समृद्धि” में स्मार्ट इन्वेस्टमेंट एंड कंप्लायंस स्ट्रेटेजीज फ़ॉर मॉडर्न इन्वेस्टर्स” (“Smart Investment & Compliance Strategies for Modern Investors” )विषय पर एक ज्ञानवर्धक सत्र आयोजित किया गया। जिसमें स्टॉक मार्केट, अनलिस्टेड शेयरों के अवसर, सेबी नियम, कर प्रभाव और स्मार्ट निवेश रणनीतियों पर विशेषज्ञों ने विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत चेम्बर के मानद कोषाध्यक्ष सीए मितिष मोदी के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने बताया कि पिछले पाँच महीनों में चेम्बर द्वारा 250 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि केवल निवेश करना ही काफी नहीं, बल्कि कम जोखिम में अधिक लाभ प्राप्त करना और साथ ही कानूनी अनुपालन की समझ होना भी अनिवार्य है।
सीए रशेष शाह ने शेयर बाजार में निवेश से जुड़े आयकर प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए एलटीसीजी व एसटीसीजी की व्याख्या की। उन्होंने बिज़नेस इनकम बनाम कैपिटल गेन के जटिल मुद्दे को सरल तरीके से समझाया। साथ ही पीएमएस निवेश, डेरिवेटिव्स, एफ-एंड-ओ ट्रेडिंग तथा म्यूचुअल फंड—विशेषकर डेट फंड—पर टैक्स नियमों की जानकारी दी। उन्होंने आयकर की धारा 54एफ के तहत दी जाने वाली करमुक्ति की प्रक्रिया भी समझाई।
सीए मिलन शाह ने अनलिस्टेड शेयरों पर बोलते हुए कहा कि स्टार्टअप्स, प्री-आईपीओ कंपनियाँ, ईएसओपी और प्राइवेट लिमिटेड कंपनियाँ निवेशकों के लिए महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती हैं। उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि ज़ोमैटो के अनलिस्टेड चरण में निवेश करने वाले निवेशकों ने कुछ ही महीनों में दोगुना रिटर्न पाया। उन्होंने निवेश से पहले वेल्युएशन, जोखिम, एग्जिट रणनीति और “रियलिटी चेक” की महत्ता बताई।सीए सौरभ शाह ने सेबी अनुपालन, निवेशक सुरक्षा, रिकॉर्ड मेंटेनेंस और शिकायत निवारण प्रक्रिया जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया।




