सरकोई में वनभाजी महोत्सव सम्पन्न

मांडवी ( सूरत)। आइडियल इमेज ट्रस्ट और भारत विकास परिषद, सूरत मेन द्वारा सरकोई में वनभाजी महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रांतीय अध्यक्ष धर्मेश शाह ने कहा कि मानसून में मिलने वाली जंगली सब्ज़ियाँ स्वादिष्ट, पौष्टिक और स्वास्थ्यवर्धक होती हैं, इसलिए इस परंपरा को जीवित रखना आवश्यक है। मांडवी तालुका पंचायत के कार्यकारी अध्यक्ष कमलेश चौधरी ने स्थानीय भोजन को प्राथमिकता देने की बात कही।
प्रांतीय कला आयाम समन्वयक नटूभाई चौधरी ने नई पीढ़ी को इन परंपराओं से जोड़ने पर बल दिया। भा.वि.प. सूरत मेन अध्यक्ष भावेश ओझा और शा.वि.प्र. परिषद वडोदरा के प्रबंधक मौलिक पटेल ने कहा कि इन दुर्लभ नुस्खों का दस्तावेजीकरण कर भविष्य के लिए संरक्षित किया जाना चाहिए।
महोत्सव में पाँच गाँवों की 22 बहनों ने विभिन्न प्रकार की सब्ज़ियाँ प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम की सफलता में आदर्श परिसर सेवा समिति और भारत विकास परिषद के कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।




