श्रीराम गोभक्ति महोत्सव 22 से 30 सितंबर तक
सूरत। विश्व के सबसे विशाल गौसेवा संस्थान श्री गोधाम महातीर्थ पथमेड़ा के सेवार्थ श्री गोधाम महातीर्थ पथमेड़ा लोक पूण्यार्थ न्यास शाखा सूरत द्वारा गौऋषि परम् श्रद्धेय स्वामी श्री दत्तशरणानंदजी महाराज की पावन प्रेरणा से श्रीराम गोभक्ति महोत्सव का आयोजन आगामी 22 से 30 सितंबर 2025 तक अग्रसेन पैलेस, पंचवटी हॉल में किया जाएगा। इस अवसर पर परम पूज्य गोवत्स श्री राधाकृष्णजी महाराज कथा का रसपान कराएंगे।
महोत्सव के मुख्य मनोरथी श्रीमती गीता देवी गजानंद कंसल (कंसल ग्रुप), जयप्रकाशजी अग्रवाल (रचना ग्रुप) एवं सुभाष अग्रवाल (सुभाष साड़ी) हैं। आयोजन समिति ने बताया कि यह महोत्सव गोलोकवासी गोभक्त गजानंद कंसल एवं गोलोकवासी गोभक्त राधावल्लभ जालान की पावन स्मृति को समर्पित है।
सूरत शाखा के अध्यक्ष संदीप पोद्दार ने बताया कि महोत्सव की तैयारियों को लेकर हाल ही में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें न्यास के पदाधिकारी एवं अनेक गौभक्त उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भी बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इस महोत्सव से जुड़ सकें।




