सामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

निर्भय रहने का एकमात्र सूत्र है ‘राम नाम’: राधाकृष्णजी महाराज

सूरत में नौ दिवसीय श्रीराम गौ भक्ति महोत्सव का शुभारंभ

सूरत। गौऋषि परम श्रद्धेय स्वामी श्री दत्तशरणानंदजी महाराज की प्रेरणा से लोक पूण्यार्थ न्यास शाखा, सूरत द्वारा सिटी लाइट स्थित अग्रसेन पैलेस के पंचवटी हॉल में नौ दिवसीय श्रीराम गौ भक्ति महोत्सव का सोमवार को शुभारंभ हुआ।

व्यासपीठ से प्रवचन करते हुए गोवत्स राधाकृष्णजी महाराज ने श्रीराम कथा महात्म्य और तुलसी चरित्र का वर्णन करते हुए कहा कि सतत श्रीराम नाम संकीर्तन से मानव का स्वरूप बदल जाता है और वह समाज में पूजनीय बन जाता है। उन्होंने कहा कि “श्रीराम नाम निर्भय रहने का एक मात्र सूत्र है। भले ही व्यक्ति किसी भी देव की आराधना करता हो, लेकिन विशेष परिस्थिति में परवश की जिह्वा पर राम नाम ही आ जाता है। बैरी बने चाहे जग वाले सारे, रामजी तारे तो भला कौन मारे।”

महाराजजी ने प्रवचन में कहा कि गुरु कोई व्यक्तित्व नहीं बल्कि तत्व होता है और गुरु के सुमिरन से ही भगवान गुरु स्वरूप में प्रकट होते हैं। उन्होंने गौतम ऋषि और शिष्य की कथा का वर्णन करते हुए संगति के महत्व को रेखांकित किया और कहा कि अच्छे विचार वाले लोगों की संगति से ही मानव जीवन सार्थक बनता है। गौ माता के संदर्भ में उन्होंने कहा कि केवल कथा श्रवण से ही नहीं बल्कि गौ माता के समीप रहकर ही सच्चा प्रेम संभव है। गो माता को चारा देने से पुण्य मिलता है, लेकिन सच्चा आशीर्वाद उनके सान्निध्य से ही प्राप्त होता है। महाराजजी ने राष्ट्रधर्म को सर्वोपरी बताते हुए कहा कि सीमा पर तैनात सैनिक अपने कर्तव्य को भगवान की सेवा मानकर निभाते हैं और शहीद होने पर देवदूत उन्हें स्वर्गलोक ले जाते हैं।

महोत्सव के प्रथम दिन दोपहर 2 बजे श्री राणी सती मंदिर, सिटी लाइट से भव्य पोथी यात्रा निकाली गई जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कथा के मुख्य मनोरथी श्रीमती गीता देवी गजानंदजी कंसल (कंसल ग्रुप), जयप्रकाशजी अग्रवाल (रचना ग्रुप) और सुभाषजी अग्रवाल (सुभाष साड़ी) रहे। मंगलवार को सुबह पर्वत पाटिया स्थित शिव मंदिर से प्रभातफेरी निकलेगी, इसके बाद गोपुष्टि यज्ञ तथा शाम 6:30 बजे गौ माता की आरती का आयोजन होगा।

मीडिया प्रभारी सज्जन महर्षि ने बताया कि यह महोत्सव गोलोकवासी गोभक्त गजानंदजी कंसल एवं राधावल्लभजी जालान की स्मृति को समर्पित है और शहरवासियों से श्रीराम गो भक्ति कथा श्रवण कर पुण्य लाभ लेने की अपील की। इस अवसर पर गौ माता के लिए चुनरी अर्पित करने वाले राजस्थान युवा संघ, ओम नंदेश्वर गोशाला (सारोली) एवं रूंगटा ग्रीन परिवार को आशीर्वाद प्रदान किया गया। इसके अलावा ओमप्रकाश झुनझुनवाला एवं प्रमोद पोद्दार को भी महाराजजी ने आशीर्वाद दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button