आचार्य श्री महाश्रमण जी का जन्मोत्सव सानंद मनाया गया

सूरत तेरापंथ महिला मंडल द्वारा आयोजन, साध्वीश्री के सान्निध्य में कार्यक्रम संपन्न
सूरत। अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशन में सूरत तेरापंथ महिला मंडल द्वारा युगप्रधान वर्तमान आचार्य श्री महाश्रमण जी का जन्मोत्सव शासनश्री साध्वी मधुबालाजी ठाणा-5 के सान्निध्य में उल्लासपूर्वक मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ साध्वी श्री विज्ञानश्री जी द्वारा नमस्कार महामंत्र के उच्चारण से हुआ। इसके पश्चात मंडल की बहनों ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया। अध्यक्ष श्रीमती चंदा भोगर ने गुरुदेव के जन्म दिवस पर भावपूर्ण अभिव्यक्ति दी।
साध्वी श्री विज्ञानश्री जी ने मंगल उद्बोधन में कहा कि गुरुदेव का गुणगान करने से तीर्थंकर गोत्र का बंध होता है। उनके मुखारविंद के दर्शन मात्र से ही सभी भावविभोर हो जाते हैं। साध्वी मंजुलयशाजी ने गुरुदेव की संतता, निष्क्रियता और आहार संयम को अनुपम बताते हुए कहा कि गुरुदेव वृद्ध साधुओं के प्रति सदैव जागरूक रहते हैं।
साध्वी मेधावी प्रभाजी ने गीतिका के माध्यम से गुरुदेव के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। इसी क्रम में “आओ हम जीना सीखें” पुस्तिका पर आधारित प्रस्तुति डॉ. पूनम गुजरानी व मंडल की बहनों द्वारा मुक्तक रूप में दी गई, जो विशेष सराहनीय रही।
कार्यक्रम का संचालन निवर्तमान महामंत्री मधु देरासरिया ने कुशलता से किया तथा आभार मंत्री श्रीमती सुषमा बोथरा द्वारा व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर मंडल की परामर्शक, पूर्व अध्यक्ष, पदाधिकारी, बहनें, सभा के पदाधिकारीगण, श्रावक-श्राविका समाज के सदस्यगण उपस्थित रहे।