businessसूरत सिटी

दक्षिण गुजरात के इतिहास में पहली बार आयोजित हुआ अंतरराष्ट्रीय ‘ग्लोबल ट्रैवल ट्रेड फेयर-2026’

डिप्टी स्पीकर पूर्णेश मोदी ने किया उद्घाटन, घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने पर दिया जोर

सूरत। दक्षिण गुजरात के इतिहास में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर के ग्लोबल ट्रैवल ट्रेड फेयर (GTTF)-2026 का आयोजन किया गया। सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SGCCI) तथा TAAPI ट्रैवल एक्सपो (TTE)-2026 के संयुक्त सहयोग से आयोजित यह दो दिवसीय बी2बी प्रदर्शनी 28 एवं 29 जुलाई को सरसाना स्थित सूरत इंटरनेशनल एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (SIECC) के पिलरलेस डोम में आयोजित की गई है। इसका उद्देश्य वैश्विक पर्यटन उद्योग को एक मंच पर लाकर व्यापारिक संभावनाओं को नई दिशा देना है।

प्रदर्शनी का उद्घाटन गुजरात विधानसभा के डिप्टी स्पीकर एवं सूरत पश्चिम के विधायक पूर्णेश मोदी ने किया। इस अवसर पर सोहागिया टूर्स एंड ट्रैवल्स के प्रबंध निदेशक कांतिलाल सोहागिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में ‘एग्जिबिटर्स गाइड’ तथा ‘GTTF-2027’ के ब्रोशर का डिजिटल लोकार्पण भी किया गया।

पूर्णेश मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर प्रत्येक भारतीय को देश के प्राकृतिक, धार्मिक, साहसिक और सांस्कृतिक पर्यटन स्थलों की यात्रा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का आधार आत्मनिर्भर भारत है और यदि भारतीय नागरिक देश के भीतर अधिक पर्यटन करेंगे तो भारतीय मुद्रा देश में ही संचालित होगी, जिससे घरेलू अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने पर्यटन उद्योग को लाखों लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार देने वाला महत्वपूर्ण क्षेत्र बताते हुए इसे सांस्कृतिक आदान-प्रदान और राज्यों व देशों के बीच संबंध मजबूत करने का प्रभावी माध्यम भी बताया।

एसजीसीसीआई के अध्यक्ष अशोक जीरावाला ने कहा कि ग्लोबल ट्रैवल ट्रेड फेयर-2026 केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटन उद्योग को एक मंच पर जोड़ने वाली पहल है। इससे बी2बी और बी2सी नेटवर्किंग को बढ़ावा मिलेगा, पर्यटन कारोबार का विस्तार होगा तथा दक्षिण गुजरात को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान प्राप्त होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button