रुंगटा ग्रीन सोसाइटी में हुआ फायर मॉक ड्रिल, 200 से अधिक निवासी हुए जागरूक

सूरत। नागरिकों को अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से रुंगटा ग्रीन सोसाइटी में सूरत महानगरपालिका (SMC) के फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज विभाग द्वारा सफल फायर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस प्रशासन एवं डीजीवीसीएल (DGVCL) की टीम भी मौके पर मौजूद रही और मॉक ड्रिल के सफल संचालन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
मॉक ड्रिल में डूभाल , मान दरवाजा एवं डिंडोली फायर स्टेशन से पहुंचे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आग लगने की स्थिति में सुरक्षित निकासी, अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग, प्राथमिक बचाव एवं आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। टीम द्वारा फायर सेफ्टी उपकरणों का लाइव प्रदर्शन भी किया गया, जिससे उपस्थित नागरिकों को व्यवहारिक प्रशिक्षण प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में लगभग 200 से अधिक निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेषज्ञों ने आपातकालीन परिस्थितियों में घबराने के बजाय संयम, सतर्कता और सही निर्णय लेने के महत्व पर प्रकाश डाला तथा आग लगने की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के समापन पर सोसायटी की ओर से सूरत महानगरपालिका के फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज विभाग, पुलिस प्रशासन एवं डीजीवीसीएल की टीम का आभार व्यक्त करते हुए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर रुंगटा ग्रीन सोसाइटी के अध्यक्ष पंकज शर्मा, सचिव राजकुमार शर्मा, आशीष तिवारी, विमल जैन सहित प्रबंध समिति के सभी पदाधिकारी, समिति सदस्य एवं बड़ी संख्या में सोसायटी के निवासी उपस्थित रहे। सभी ने इस प्रकार के सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों को समय-समय पर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए प्रशासन का आभार व्यक्त किया।



