वेसू वेल्फेयर एसोसिएशन की बैठक संपन्न, इस वर्ष पहले से अधिक भव्य होगा दुर्गा पूजा महोत्सव
आयोजन की तैयारियां शुरू, विभिन्न समितियों के गठन और कार्ययोजना पर हुई चर्चा

सूरत। वेसू वेल्फेयर एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को आयोजित हुई, जिसमें संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक में पिछले वर्ष आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव की सफलता की समीक्षा की गई तथा सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष भी दुर्गा पूजा महोत्सव को पहले से अधिक भव्य, आकर्षक और सुव्यवस्थित स्वरूप में आयोजित किया जाएगा।
बैठक के दौरान आयोजन की प्रारंभिक रूपरेखा, पंडाल निर्माण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सुरक्षा, स्वच्छता, श्रद्धालुओं की सुविधाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आयोजन को सफल बनाने के लिए सदस्यों की जिम्मेदारियों के निर्धारण और अलग-अलग समितियों के गठन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। सभी सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत करते हुए आयोजन को यादगार बनाने का संकल्प लिया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्णा शर्मा ने बताया कि आगामी दिनों में आयोजन की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने तथा विभिन्न समितियों के गठन के लिए नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी। उनका उद्देश्य पूरे सूरत शहर में वेसू वेल्फेयर एसोसिएशन की ओर से एक भव्य, श्रद्धामय एवं सुव्यवस्थित दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन करना हैएसोसिएशन ने क्षेत्रवासियों से भी इस धार्मिक आयोजन में सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता की अपील की।
बैठक में उपाध्यक्ष दीपक बंका, संगठन मंत्री सचिन सिंगला, कोषाध्यक्ष राजेश केजरीवाल सहित दीपक गांधी, कमलेश भरड़िया, पवन शर्मा, संजय लाहोटी, सुभाष पंसारी, नेमीचंद गुप्ता एवं अन्य समिति सदस्य उपस्थित रहे।



