सामाजिक/ धार्मिकसूरत सिटी

शपथ ग्रहण समारोह संपन्न, तेरापंथ सभा व तेयुप पर्वत पाटीया की नई टीम ने संभाली जिम्मेदारी

सूरत। श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा पर्वत पाटीया एवं तेरापंथ युवक परिषद् पर्वत पाटीया का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को सिटीलाइट स्थित तेरापंथ भवन में श्रद्धा, अनुशासन और उत्साह के वातावरण में आयोजित हुआ। समारोह युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी की विदुषी सुशिष्या शासन श्री साध्वी मधुबाला जी आदि ठाणा 5 के सान्निध्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ नमस्कार महामंत्र के संगान से हुआ, जबकि सभा गीत का संगान प्रकाश सिंघवी ने प्रस्तुत किया। श्रावक निष्ठा पत्र का वाचन कमल पुगलिया ने किया।

समारोह में तेरापंथ सभा पर्वत पाटीया के अध्यक्ष संजय बोहरा तथा तेयुप अध्यक्ष अशोक कोचर ने अपनी-अपनी कार्यकारिणी की घोषणा की। संस्था शिरोमणि श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी महासभा के मुख्य न्यासी संजय सुराणा ने पर्वत पाटीया सहित नांदेशमा, रावलिया खुर्द, रावलिया कला, सायरा, सेमड और पदराडा की सभा इकाइयों तथा तेयुप पर्वत पाटीया की टीम को शपथ दिलाई और मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।
शासन श्री साध्वी मधुबाला जी ने पदाधिकारियों को दायित्वों का समर्पित भाव से निर्वहन करने की प्रेरणा दी। साध्वी मंजुलयशा जी ने आध्यात्मिक मूल्यों के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। महासभा के आंचलिक प्रभारी अनिल चंडालिया, उपाध्यक्ष फूलचंद छत्रावत, अभातेयुप के राष्ट्रीय महामंत्री सौरभ पटावरी तथा मैनेजिंग ट्रस्टी अनिल बोथरा ने भी विचार व्यक्त कर नई टीम को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का संचालन कांतिलाल मेहता ने किया, जबकि आभार ज्ञापन हजारीमल भोगर ने किया। शपथ ग्रहण के बाद तेयुप पर्वत पाटीया की बैठक आयोजित हुई, जिसमें संगठन के विभिन्न आयामों पर चर्चा हुई। इसके पश्चात सभा व तेयुप की संयुक्त बैठक में परिचय, आगामी चातुर्मास की रूपरेखा तथा दायित्व हस्तांतरण की प्रक्रिया संपन्न हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button