
सूरत: उधना के अंबर कॉलोनी निवासी एक युवक से रेडीमेड कपड़ों के कारोबार में मोटे मुनाफे का लालच देकर 11.72 लाख रुपये की कथित ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक की शिकायत पर उधना पुलिस ने मुंबई निवासी व्यापारी के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार उधना हरिनगर-1 स्थित अंबर कॉलोनी के प्लॉट नंबर-50 में रहने वाला 26 वर्षीय आसिम दिलावर पठाण उधना उद्योग नगर संघ स्थित एन.जे. कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में एग्जीक्यूटिव के तौर पर कार्यरत है। अगस्त 2025 में उसके मित्र तनवीर आजमी के माध्यम से उसकी पहचान मुंबई के बांद्रा वेस्ट, कटर रोड निवासी वसीम ए. हमीद शेख से हुई थी। वसीम सूरत से रेडीमेड कपड़े खरीदकर मुंबई के घास बाजार में बेचने का कारोबार करता था। उसने आसिम को इस व्यापार में अच्छा लाभ होने की बात कहकर निवेश करने के लिए प्रेरित किया और मुनाफे में हिस्सा देने का भरोसा दिलाया।
शिकायत के मुताबिक वसीम ने शुरुआत में आसिम से अलग-अलग किस्तों में 70 हजार रुपये से लेकर 7 लाख रुपये तक की रकम निवेश के नाम पर ली और तय समय पर मुनाफे सहित रकम लौटाकर उसका विश्वास जीत लिया। इसके बाद नवंबर 2025 में उसने सूरत की एक कपड़ा पार्टी द्वारा उधारी बंद होने का हवाला देते हुए सस्ते में कपड़ा खरीदकर बड़ा लाभ कमाने की बात कही। इस बहाने 8 नवंबर 2025 से 11 नवंबर 2025 के बीच आसिम से 11.72 लाख रुपये ले लिए गए।
आरोप है कि तय 15 दिन के भीतर रकम और मुनाफा वापस नहीं मिलने पर जब आसिम ने फोन कर पैसे लेने मुंबई आने की बात कही तो वसीम ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने फोन उठाना भी बंद कर दिया। आखिरकार आसिम पठाण ने उधना थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच पीएसआई पी.पी. खटाणा को सौंपी है।




